अम्बिकापुर 08 नवम्बर 2021(घटती-घटना)। शराब के नशे में दो भाई आपस में भिड़ गए। नशे की हालत में छोटे भाई ने बड़े भाई के पेट में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम दोरना निवासी पातर गिरी पिता दास गिरी उम्र 40 वर्ष बीते 29 अक्टूबर की शाम सात बजे किसी बात को लेकर छोटे भाई जोगी गिरी से विवाद हो रहा था। दोनों के विवाद होते देख पातर की पत्नी भजन बाई पति के द्वारा मारपीट के भय से गांव के बस्ती में रहने वाली अपनी लड़की सोनवती के यहां चली गई थी। इसी बीच जोगी गिरी ने चाकू से बड़े भाई के पेट में वार कर दिया, जिससे खून बहने लगा। घटना के बाद पातर गिरी चीख-पुकार लगाते बाहर निकला। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। मौके पर लड़की के यहां गई उसकी पत्नी भजन बाई भी पहुंची तो उसका पति पेट के एक हिस्से को दबाकर खड़ा था। जिससे खू⁶न बह रहा था। पूछने पर उसने चाकू से चोट लगना बताया। घायल पातर को मोटरसाइकिल से स्वजन लुंड्रा में स्थित शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, यहां से मरहम-पट्टी के बाद चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। घायल को राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर लाया गया, यहां चिकित्सक की सलाह पर उसे भर्ती कर लिया था। दो दिन पहले ही चिकित्सक ने उसका आपरेशन किया था। इलाज के बीच रविवार को देर शाम उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मौत की जानकारी अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी ने लुंड्रा थाना प्रभारी को दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur