अमर्यादित शब्दों का प्रयोग,रामानुजगंज विधायक के खिलाफ भी जमकर निकाली भड़ास
अम्बिकापुर 12 दिसम्बर 2021 (घटती-घटना)। भाजपा नेता व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि बलरामपुर जिले के कलक्टर व एसपी विधायक के इशारे पर काम कर रहे हैं। एसपी तो विधायक के गुलाम बनकर रह गए हैं, दोनों अधिकारियों को यह तक पता नहीं है कि उनके पद की गरिमा क्या है। विधायक के कहने पर प्रशासनिक अधिकारी नंगा नाच कर रहे हैं। विधायक के कहने पर ही वे भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो कलक्टर व एसपी को जूतों की माला पहनाएंगे। उन्होंने विधायक वृहस्पति सिंह के बारे में कहते हुए सीएम भूपेश बघेल को नसीहत दी कि ऐसे लंगूर विधायक से बचकर रहें।
अंबिकापुर स्थित एक निजी होटल में पूर्व मंत्री व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने प्रदेश में चरमराई कानून व्यवस्था को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया था। इसमें नेताम ने बलरामपुर कलक्टर और एसपी पर जमकर भड़ास निकाली। गुस्से की सीमा यह थी कि इस दौरान उन्होंने कई अमर्यादित शब्दों का भी प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि कलक्टर और एसपी से जनता का विश्वास उठ गया है। वे विधायक के इशारे पर चल रहे हैं। जब इतने बड़े पद पर बैठे अधिकारी अपने पद की गरिमा नहीं रख सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने एसपी को उनके पद की गरिमा बताते हुए कहा कि एसपी शायब अपने पद की गरिमा भूल गए हैं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, अनुराग सिंहदेव, पूर्व महापौर प्रबोध मिंज सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे।
विधायक के लिए किया लंगूर शब्द का उपयोग
राज्यसभा सांसद नेताम ने रामानुजगंज विधायक वृहस्पति सिंह पर भी कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वे अपने इशारे पर बलरामपुर की प्रशासनिक व्यवस्था चला रहे हैं। उन्होंने विधायक के लिए लंगूर शब्द का भी प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि लंगूर विधायक अपने सीएम को खुश करने के लिए तरह-तरह के नाच दिखा रहा है।
सीएम ऐसे लंगूर विधायक से बचकर रहें। गौरतलब है कि विधायक वृहस्पति सिंह ने पूर्व में राज्यसभा सांसद पर उनके मरने के लिए यज्ञ करने का आरोप लगाया था। उन्होंने साफ कहा था कि नेताम उन्हें मरवाना चाहते हैं, इसलिए नदी के किनारे यज्ञ कराकर बकरों की बलि दे रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur