अम्बिकापुर/लखनपुर 13 नवम्बर 2021 (घटती-घटना)। लखनपुर विकास खण्ड के सुदूर वर्ती जनजातीय बाहुल्य ग्राम राईडांड़ में सर्व सनातन रक्षा मंच के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय सदस्य लाल बिहारी सिंह,संघ के विभाग प्रचारक ठाकुर राम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष, जनपद उपाध्यक्ष अमित सिंह देव की उपस्थिति में ग्रामीणों के बीच गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। ग्रामीणों द्वारा राईडांड़ स्थित गोठान में गौमाता की पूजा कर पर्वत नुमा आकृति को गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बना अतिथियों व स्थानीय नागरिकों ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर सभी के सुख समृद्धि,पशु व प्रकृति के रक्षण की कामना की। स्थल पर ही खीर,पुड़ी व आटे का प्रशाद बनाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को वितरित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय सदस्य लाल बिहारी सिंह ने कहा कि सनातन धर्म के लोगों के लिए गोवर्धन पूजा अत्यंत महत्वपूर्ण त्योहारों में एक है। विशेषकर हमारे ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों के लिए इस पर्व का विशेष महत्व है ! आज के दिन हमारा जनजातीय व अन्य समाज के लोग गौमाता व बैल की पूजा करते हैं ! लेकिन कुछ विधर्मी व धर्मांतरित लोगों ने हिन्दू धर्म की आस्था पर चोट करते हुए उसी नंगौमाता को मार-काट कर खाना शुरू कर दिया जिसके दूध, गोबर और मूत्र से जीवन समृद्ध होता है। विभाग प्रचारक ठाकुर राम ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने लोगों को पर्वत और प्रकृति से मिलने वाली वस्तुओं की अहमियत बताने और उनके प्रति सम्मान जताने के लिए गोवर्धन पूजा की शुरुआत की थी इसलिए प्रकृति और पर्वत के संरक्षण का सबसे बड़ा दायित्व गांवों में बसने वाले हमारे जनजातीय समाज पर ही है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष ने कहा कि हमारे जनजातीय समाज के लोग प्रकृति के उपासक होते हैं और गोवर्धन पूजा प्रकृति पूजा का सर्वोत्तम दृष्टांत है यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि लोग अब गोवर्धन पूजा का महत्व समझने लगे हैं अब यह पर्व यादव समाज सहित अन्य जनजातीय समाज में बड़ी पवित्रता के साथ गांव-गांव में मनाया जाने लगा है ! कार्यक्रम को अमित सिंह देव ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सर्व सनातन रक्षा मंच के जिलाध्यक्ष बिहारी लाल तिर्की व आभार प्रदर्शन कार्यक्रम के अध्यक्ष बृजलाल साहू ने किया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य मंजू तिर्की, सरपंच आनन्द नागवंशी, कृष्णा यादव, रेवती यादव, काशीनाथ,प्रवीण खेस,चेतन राम मंझवार, हरेंद्र गुप्ता,राधे यादव,जगत राम सौता,मंझनू राम सहित अनेक महिला पुरुष उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur