
सुर संध्याःसमीर-संजय नाइट सांस्कृतिक एवं सुरमई शाम के दीवाने हुए कोरिया-सरगुजा वासी
50 साल बाद बैकुंठपुर की धरा पर समीर मेमन के सुरों का जादू,शुरू में विषम प्राकृतिक परिस्थितिया बेअसर,रात 2 बजे तक चला संगीतमय कारवां…
पहली बार टेंट,साउंड,एलईडी व ग्राउंड वर्कर्स समेत हर सहयोगी का हुआ सम्मान
-संवाददाता-
बैकुंठपुर,(कोरिया),28 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले की सांस्कृतिक धरा पर शनिवार को मुंबई और छत्तीसगढ़ की संगीत-संस्कृति का एक ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने पूरे अंचल को सुरों के जादू में सराबोर कर दिया, अवसर था भव्य सांस्कृतिक एवं सुरमई शाम ‘सुर संध्याःसमीर-संजय नाइट’ का,जहाँ विषम प्राकृतिक परिस्थितियों के बावजूद दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा और पूरा कार्यक्रम स्थल ‘वाह-वाह’व तालियों की गड़गड़ाहट से रात 2ः00 बजे तक गूंजता रहा। कार्यक्रम में मुंबई से पधारे दिग्गज गायक कलाकार समीर मेमन और उनकी टीम ने किशोर कुमार के अमर व सदाबहार गीतों की ऐसी सुमधुर झड़ी लगाई कि श्रोता झूमने पर मजबूर हो गए,‘घोस्ट ऑफ किशोर कुमार’ के नाम से मशहूर समीर मेमन ने अपने करियर में कल्याणजी-आनंदजी के साथ काम करने के साथ-साथ वीनस में भी अपनी सेवाएं दी हैं। संगीत के साथ-साथ वे एक पारंपरिक नाभि चिकित्सक भी हैं—श्रोताओं ने जहाँ उनके सुरों का भरपूर आनंद उठाया,वहीं उनके इस वैदिक व पारंपरिक गुण से भी कई लोग लाभान्वित हुए,दूसरी ओर,छत्तीसगढ़ की माटी और सरगुजा अंचल के गौरव श्री संजय सुरीला ने अपनी जादुई गायकी से समां बांध दिया,संजय सुरीला ने जैसे ही सुरों की तान छेड़ी,पूरा पंडाल मंत्रमुग्ध हो उठा,उन्होंने दर्शकों के बीच जाकर भी गीत प्रस्तुत किए,जिससे श्रोताओं का जोश दोगुना हो गया, किशोर दा के सदाबहार गीतों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी गीतों पर दर्शक देर रात तक थिरकते नजर आए।
दीप प्रज्वलन,मंच संचालन और स्थानीय प्रतिभाओं को मिला मंच-कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम मां सरस्वती तथा जनहित संघ व‘सम्यक संपर्क’के संस्थापक,प्रथम संपादक, वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवक स्व. रुद्र प्रसाद ‘रूप’ जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया,कार्यक्रम का सफल व आकर्षक संचालन श्रीमती सुमन पांडे द्वारा किया गया,स्वागत सत्कार के क्रम के बाद स्थानीय व क्षेत्रीय प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर मिला,शहर के प्रसिद्ध गायक सचिन गुप्ता ‘डिम्मी’ ने अपने सुमधुर गीतों से शुरुआत की, जिसके बाद नियाज खान ने अपने सुंदर गीतों से समां बांधा, सोनू साहू की छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा,वहीं शहर के होनहार बालक अयांश जायसवाल ने अपने आकर्षक नृत्य से सभी का मन मोह लिया।
पर्दे के पीछे के कर्मवीरों का भी हुआ सम्मान-‘सुर संध्या’में जहाँ सभी सुरसाधकों का सम्मान किया गया,वहीं एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल यह रही कि पहली बार टेंट वर्कर्स से लेकर साउंड,एलईडी ऑपरेटर्स, ग्राउंड वर्कर्स और अन्य सभी सहयोगियों को आयोजक संवर्त कुमार रुद्र प्रसाद ‘रूप’ द्वारा सम्मान और प्रशस्ति प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
आयोजकों के विचारः ‘यह मुंबई और छत्तीसगढ़ का ऐतिहासिक संगम’-कार्यक्रम को लेकर दुष्यंत कुमार धुरिया (केंद्रीय अध्यक्ष, जनहित संघ एवं प्रधान संपादक,दैनिक ‘सम्यक क्रांति’ अखबार समूह) ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं था,बल्कि मुंबई और छत्तीसगढ़ का ऐसा संगम था जिसने इतिहास रच दिया। हमारा लक्ष्य जनता को स्वच्छ मनोरंजन देना था और विषम प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच रात 2 बजे तक कार्यक्रम चलना तथा दर्शकों का उत्साह यह बता रहा था कि यह संगम सभी के दिलों को भा गया,हम आगे भी ऐसी गतिविधियां जरूर लाएंगे,वहीं जनहित संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष संवर्त कुमार रुद्र प्रसाद ‘रूप’ ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि मुंबई से श्री समीर मेमन जी बैकुंठपुर की धरा में 50 वर्ष बाद पहुंचे और उनकी पुरानी यादें आज तक जीवंत हैं। श्री मेमन ‘घोस्ट ऑफ किशोर कुमार’ के नाम से मुंबई में जाने जाते हैं,जिन्होंने देश से लेकर कई-कई दिन ब्रिटिश और यूरोप के लोगों को अपनी गायकी से दीवाना बना दिया। वहीं संजय सुरीला जी सरगुजा के लाल और छत्तीसगढ़ के गौरव व सुरीले कलाकार हैं,दोनों दिग्गजों का एक ही मंच पर होना हमारा सौभाग्य है,जिसके लिए सुर संध्या की टीम आभार व्यक्त करती है, उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शहर के बड़े भाई वर्ग, अनुज वर्ग और साथीगण का सहयोग सराहनीय रहा।
इन संस्थानों का रहा सहयोग और इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में आईसेक्ट कोरिया, प्रमिला होंडा,अजय एग्रो फूड इंडस्ट्रीज,अयांश भोग,अग्रवाल टीवीएस बैकुंठपुर,होटल रामसेतु बैकुंठपुर,दुर्गाशक्ति मार्बल बैकुंठपुर एवं विवेक मोटर्स बैकुंठपुर का विशेष सहयोग रहा,वहीं विशेष मार्गदर्शन में श्री राजेंद्र सिंह दद्दा और श्री अनिल खटीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही, कार्यक्रम में लीना धुरिया,दुष्यंत कुमार धुरिया, डॉली मेमन,रंजिता धुरिया,राजेंद्र सिंह,नरेश सोनी,अजय जायसवाल,देवेंद्र तिवारी,भानु पाल,शैलेश शिवहरे,आशीष यादव ‘लल्ला’,कृष्ण बिहारी जायसवाल,गीता प्रसाद नेमा,ताहिर आजमी,शैलेंद्र श्रीवास्तव,जितेंद्र गुप्ता,अनिल खटीक,ज्योत्सना,संदीप जायसवाल,मनीष ठाकुर,सचिन गुप्ता ‘डिम्मी’,प्रखर सिंह,सुदीप अग्रवाल,बृजेश साहू,सुमित,संदीप चक्रधारी,विजय टुंडे,मोनू मांझी,शकील अहमद,निक्की शिवहरे,ममता तांजे,रमन गुप्ता,दीपक राजदान, गोल्डन चिकन्जुरी,प्रकाश गोस्वामी,मनोज सोनी, डॉ. नायक,करण गुप्ता,धीर साय,दुवेश,नंदलाल पण्डो,सोन साय पण्डो,भगवानदीन पण्डो,कुंवर साय पनिका,उत्तम कश्यप,रामअवतार कुशवाहा, सावित्री पनिका,सोनू साहू,परमजीत कौर,ऋषि शिवहरे,महेंद्र पांडेय सहित भारी संख्या में शहरी एवं ग्रामीण जनता की उपस्थिति रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur