18 हाथियों का दल था आसपास,ड्रोन से पता चला नाली में फंसा है शावक…दो जेसीबी लेकर पहुंचे वनकर्मियों ने एक घंटे में पूरा किया रेस्क्यू

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।19 लोगों की जान ले चुके कबरा हाथी की मौजूदगी के बीच वनकर्मियों ने ऐसा साहस दिखाया कि 12 दिन के नन्हे हाथी शावक को नया जीवन मिल गया। उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम अलकापुरी में 18 हाथियों का दल मौजूद था। इसी दल का एक शावक संकरी नाली में उल्टा फंस गया था।
हाथियों की लगातार चिंघाड़ से अनहोनी की आशंका हुई तो वन अमले ने ड्रोन से निगरानी शुरू की। शावक के फंसे होने की पुष्टि होते ही दो जेसीबी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शावक को बाहर निकालकर उसके दल से मिला दिया गया। घटना 27 नवंबर की रात करीब 8 बजे की है। हाथियों का दल करमकटरा के पीबी-130 क्षेत्र से होते हुए अलकापुरी के धान के खेतों तक पहुंचा था। इसी दौरान हाथियों ने लगातार चिंघाडऩा शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक उनके असामान्य व्यवहार को देखने के बाद वन अमले को आशंका हुई कि दल का कोई सदस्य संकट में है। ड्रोन से निगरानी करने पर एक शावक नाली में उल्टा फंसा दिखाई दिया।
ड्रोन से मिली शावक के फंसे होने की जानकारी : वन अमले ने तत्काल ड्रोन से इलाके की निगरानी शुरू की। ड्रोन संचालक ऋतिक सोनी ने जब हाथियों के दल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तो एक नन्हा शावक संकरी नाली में उल्टा फंसा दिखाई दिया। वह बाहर निकलने में असमर्थ था और लगातार कराह रहा था। इसके बाद दो जेसीबी मशीनें मौके पर बुलाई गईं। पटाखों की आवाज से हाथियों के दल को कुछ दूरी पर हटाने का प्रयास किया गया। इस दौरान हाथियों की मौजूदगी के कारण रेस्क्यू टीम को बेहद सतर्कता बरतनी पड़ी। जेसीबी की मदद से नाली के आसपास की मिट्टी हटाकर शावक को बाहर निकाला गया।
वन कर्मियों ने दिया सहारा : हालांकि, बाहर आने के बाद भी शावक खड़ा नहीं हो पा रहा था। उसके पैरों को जमीन पर पकड़ नहीं मिल रही थी। ऐसे में वनकर्मी इंद्र प्रसाद पिपला, अमरनाथ राजवाड़े और वसंत राम ने जोखिम उठाकर उसे पैरों का सहारा दिया और सूंड को संतुलित करने में मदद की। आखिरकार शावक अपने पैरों पर खड़ा हो गया।
मां की आवाज सुनते ही दौड़ पड़ा शावक
शावक को अपनी मां की आवाज सुनाई दी तो वह जेसीबी से करीब 10 मीटर दूर मौजूद हाथियों के दल की ओर बढ़ गया। कुछ ही देर में वह अपने परिवार से जा मिला। इसके बाद वन अमले ने राहत की सांस ली और दोनों जेसीबी को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन डीएफओ लोकनाथ पटेल और एसडीओ सपना मुखर्जी के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्राधिकारी फेकु प्रसाद चौबे के नेतृत्व में पूरा हुआ। अभियान में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों,ड्रोन संचालक ऋतिक सोनी,जेसीबी चालकों और ग्रामीण सहयोगी की अहम भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur