Breaking News

अम्बिकापुर@नियमित दवा से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति भी बन सकते हैं स्वस्थ शिशु के माता-पिता

Share


विश्व एड्स दिवस पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आज,एआरटी केंद्र में एचआईवी की दवाएं निःशुल्क उपलब्ध,समय पर जांच और उपचार की अपील

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। एचआईवी संक्रमण अब लाइलाज बीमारी का पर्याय नहीं रह गया है। समय पर जांच, नियमित उपचार और एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) की दवाओं से संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है। नियमित उपचार से वायरल लोड इतना कम किया जा सकता है कि यौन संपर्क से साथी में संक्रमण फैलने का खतरा समाप्त हो जाता है। एचआईवी संक्रमित दंपती भी चिकित्सकीय परामर्श और नियमित उपचार से एचआईवी मुक्त शिशु के माता-पिता बन सकते हैं। विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में जिला एड्स नियंत्रण समिति,सरगुजा द्वारा विद्यार्थियों के लिए आज जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को एचआईवी की समय पर जांच,उपचार और बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव दूर करना है।
गर्भावस्था में नियमित दवा से शिशु को संक्रमण का खतरा कम : स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचआईवी संक्रमित महिला भी मां बन सकती है। गर्भावस्था से लेकर स्तनपान की अवधि तक नियमित दवाएं लेने और चिकित्सकीय देखरेख में रहने से शिशु में संक्रमण का जोखिम काफी कम किया जा सकता है। संतान की योजना बनाने वाले एचआईवी संक्रमित दंपती एआरटी केंद्र में परामर्श ले सकते हैं।
मेडिकल कॉलेज के एआरटी केंद्र में मुफ्त उपचार : राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय के एआरटी केंद्र में एचआईवी उपचार की दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने लोगों से समय पर एचआईवी जांच कराने और उपचार नियमित जारी रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की गोपनीयता और गरिमा का सम्मान करना चाहिए तथा उनके साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं करना चाहिए।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत 12 दिसंबर को,लंबित मामलों के निपटारे के लिए न्यायिक अधिकारियों ने कसी कमरएक ही दिन में सुलह से सुलझेंगे विवाद,12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

Share -संवाददाता-बैकुंठपुर,28 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। इस वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी …

Leave a Reply