- जुआरियों से कथित सांठगांठ पुलिसकर्मियों को पड़ी भारी,एसपी ने थाना प्रभारी समेत पांच को किया निलंबित
- 9 हजार 600 रुपये,ताश की गड्डियां और सात मोबाइल जब्त,जुआ फड़ मामले में पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
- प्रतापपुर में जुए के फड़ ने खोली पुलिस की निगरानी व्यवस्था की पोल,एसपी की कार्रवाई से महकमे में हड़कंप
- अवैध जुए पर एसपी का सख्त संदेश—वर्दी में रहकर गलत काम करने वालों की खैर नहीं, थाना प्रभारी समेत पांच निलंबित
-संवाददाता-
सूरजपुर/प्रतापपुर,28 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी जिन पुलिसकर्मियों के कंधों पर है,उन्हीं की निगरानी वाले थाना क्षेत्र में यदि खुलेआम जुए का फड़ संचालित होने लगे तो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है, सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में सामने आए जुआ प्रकरण ने स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था और जवाबदेही को कठघरे में खड़ा कर दिया है, बस स्टैंड के समीप संचालित जुए के फड़ पर जिला स्तरीय पुलिस टीम की दबिश के बाद पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने सख्त रुख अपनाते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरेना सहित पांच पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है,इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। 27 नवंबर 2026 को प्रतापपुर बस स्टैंड के पास बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना पर जिला स्तरीय पुलिस टीम ने दबिश दी थी, कार्रवाई के दौरान मौके से 99 हजार 600 रुपये नकद,52 पत्ती ताश और सात मोबाइल फोन सहित कई वाहन जब्त किए गए, जिला स्तरीय टीम की इस कार्रवाई में जुआ खेलने और खिलाने से जुड़े लोगों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल सामने आए,बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान के समीप जुए का फड़ संचालित हो रहा था, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया जा सका,मामले की गंभीरता और स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित भूमिका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विभागीय कार्रवाई की, यह कार्रवाई केवल जुआ खेलने वालों के विरुद्ध नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था के भीतर जवाबदेही तय करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज-पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुसार निलंबित किए गए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरेना,उपनिरीक्षक विवेक खलखो,आरक्षक क्रमांक 618 राजेश तिवारी,आरक्षक क्रमांक 847 भीमेश आरमो तथा आरक्षक क्रमांक 698 राजकुमार पासवान शामिल हैं,सभी पांचों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर जिला सूरजपुर के रक्षित केंद्र से संबद्ध किया गया है, निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा,इसके साथ ही सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं,संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका और आरोपों की वास्तविकता विभागीय जांच में स्पष्ट होगी,लेकिन जिला स्तरीय टीम की दबिश के बाद थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों पर एक साथ कार्रवाई होना इस बात का संकेत है कि पुलिस अधीक्षक ने मामले को सामान्य लापरवाही मानकर छोड़ने के बजाय गंभीरता से लिया है।
एसपी का दो टूक संदेश…अवैध कारोबार में पुलिस की संलिप्तता बर्दाश्त नहीं-पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है, यदि किसी भी पुलिसकर्मी की अवैध गतिविधियों में संलिप्तता अथवा कारोबारियों के साथ मिलीभगत सामने आती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी,एसपी ने कहा कि जुआ,कबाड़, अवैध शराब और अवैध वसूली जैसे मामलों में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी और जांच भी कराई जाएगी।
पुलिस की नाक के नीचे जुए का फड़,निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रतापपुर बस स्टैंड के समीप जुए का फड़ संचालित होने की घटना ने सबसे बड़ा सवाल स्थानीय पुलिस की सक्रियता पर खड़ा किया है,आखिर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान के पास इतनी बड़ी गतिविधि संचालित हो रही थी तो इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस तक क्यों नहीं पहुंची? यदि जानकारी थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या नियमित गश्त और सूचना तंत्र प्रभावी ढंग से काम कर रहा था? और सबसे अहम सवाल यह कि जिला स्तरीय टीम को ही मौके पर दबिश देने की आवश्यकता क्यों पड़ी? इन सवालों का जवाब केवल निलंबन आदेश से नहीं मिलेगा,इसके लिए यह जांचना भी जरूरी होगा कि जुए का फड़ कितने समय से संचालित था,इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी किसे थी,यदि किसी स्तर पर संरक्षण या मिलीभगत की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्रवाई के बाद अब निगरानी और जवाबदेही की परीक्षा
प्रतापपुर की यह कार्रवाई पुलिस महकमे के लिए एक स्पष्ट संदेश मानी जा रही है कि वर्दी की जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही या अवैध कारोबार को लेकर कथित मिलीभगत के आरोपों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा,लेकिन इस कार्रवाई की असली सफलता तभी साबित होगी,जब प्रतापपुर सहित जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगे,अब देखना होगा कि जुआ प्रकरण की आगे की जांच में कारोबार से जुड़े किन लोगों और अन्य संभावित कडि़यों की पहचान होती है,साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि निलंबित पुलिसकर्मियों की विभागीय जांच कितनी निष्पक्षता और तेजी से पूरी होती है,सवाल सिर्फ पांच पुलिसकर्मियों के निलंबन का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था को दुरुस्त करने का है जिसके रहते थाना क्षेत्र में अवैध जुए का फड़ संचालित होने की नौबत आई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur