Breaking News

अम्बिकापुर@चोरी का चांदी का आभूषण खरीदने वाला ज्वेलर्स संचालक गिरफ्तार

Share


पूर्व में पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ में सामने आया नाम,गणेश ज्वेलर्स से चार चांदी के ब्रेसलेट और गला हुआ चांदी बरामद

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान का ताला तोडकर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी का आभूषण खरीदने वाले ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ में गणेश ज्वेलर्स के संचालक की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के चार चांदी के ब्रेसलेट और गला हुआ चांदी बरामद किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 111 और 317(2) भी जोड़ दी है।
पुलिस के अनुसार, नवापारा नेहरू छात्रावास के पीछे निवासी निधि सोनी की ज्वेलर्स दुकान में 29 सितंबर की रात से 30 सितंबर की सुबह के बीच चोरी हुई थी। अज्ञात आरोपी दुकान का ताला तोडकर अंदर घुसे और 15 चांदी के ब्रेसलेट सहित आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई थी। मामले में गांधीनगर थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
दो आरोपियों से पूछताछ में खुला राज : विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले शिवांग चौहान उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर एक आर्टिफिशियल हार और कान का झुमका बरामद किया गया था। इसके बाद मामले में शामिल इरफान अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ में पता चला कि चोरी के आभूषण गणेश ज्वेलर्स के संचालक शिवम खरात को बेचे गए थे। पुलिस ने ब्रम्ह रोड पंचशील गली निवासी शिवम खरात (19) से पूछताछ की तो उसके कब्जे से चार चांदी के ब्रेसलेट और एक नग गला हुआ चांदी बरामद किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
अन्य आरोपियों और शेष सामान की तलाश जारी : पुलिस के अनुसार, मामले में चोरी गए शेष सामान की बरामदगी और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित थाना और साइबर सेल की टीम शामिल रही।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत 12 दिसंबर को,लंबित मामलों के निपटारे के लिए न्यायिक अधिकारियों ने कसी कमरएक ही दिन में सुलह से सुलझेंगे विवाद,12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

Share -संवाददाता-बैकुंठपुर,28 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। इस वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी …

Leave a Reply