Breaking News

सोनहत@हरे पत्तों के बीच छिपा बैठा था ‘कुतरू’…सोनहत में प्रकृति का खूबसूरत नजारा कैमरे में कैद

Share

  • सोनहत में बरगद पर दिखा आकर्षक पक्षी ‘बड़ा बसंत’,मोबाइल कैमरे में कैद हुई खूबसूरत तस्वीर
  • चमकीला हरा शरीर,भूरे रंग का सिर और अनूठी चोंच बनी आकर्षण का केंद्र,‘कुतरू’ की गूंजती आवाज से भी पहचाना जाता है यह पक्षी


-विशेष संवाददाता-
सोनहत (कोरिया),28 नवम्बर 2026। प्रकृति की खूबसूरती और जैव-विविधता से समृद्ध सोनहत वनांचल में इन दिनों एक आकर्षक पक्षी की मौजूदगी ने प्रकृतिप्रेमियों का ध्यान खींचा है, क्षेत्र में एक हरे-भरे बरगद के पेड़ पर भूरे सिर और चमकीले हरे शरीर वाला खूबसूरत पक्षी ‘ब्राउन-हेडेड बार्बेट’ दिखाई दिया, स्थानीय भाषा में इसे ‘बड़ा बसंत’ अथवा ‘कुतरू’ के नाम से भी जाना जाता है,इस पक्षी की मनमोहक तस्वीर दैनिक घटती-घटना के पत्रकार राजन पांडे ने अपने घर के समीप स्थित बरगद के पेड़ पर बैठे हुए अपने मोबाइल कैमरे में कैद की।
सामान्य तौर पर पेड़ों की घनी पत्तियों के बीच अपने हरे रंग के कारण आसानी से नजर नहीं आने वाला यह पक्षी अपनी विशिष्ट बनावट और आवाज के लिए पहचाना जाता है, सोनहत के रिहायशी इलाके के समीप इसकी मौजूदगी ने एक बार फिर क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और आसपास मौजूद हरियाली की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।
चमकीला हरा शरीर और
भूरे रंग का सिर है खास पहचान

ब्राउन-हेडेड बार्बेट का वैज्ञानिक नाम Psilopogon zeylanicus है, इसकी सबसे खास पहचान इसका चमकीला हरा शरीर और भूरे रंग का सिर एवं गर्दन है, सिर और गर्दन पर हल्की सफेद धारियां दिखाई देती हैं, आंखों के चारों ओर पीले-नारंगी रंग का स्पष्ट घेरा तथा मोटी गुलाबी-नारंगी चोंच इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देती है, हरे पत्तों के बीच बैठने पर इसका शरीर आसपास की वनस्पतियों में घुल-मिल जाता है, यही वजह है कि कई बार इसे देख पाना मुश्किल होता है, लेकिन इसकी आवाज दूर से ही इसकी मौजूदगी का संकेत दे देती है।
‘कुतरू-कुतरू’ की आवाज से होती है पहचान
इस पक्षी को स्थानीय स्तर पर ‘कुतरू’ कहे जाने के पीछे इसकी विशिष्ट आवाज भी एक वजह है, यह तेज और लगातार ‘कुतरू… कुतरू…’ जैसी ध्वनि निकालता है,जंगल और पेड़ों से घिरे इलाकों में इसकी आवाज अक्सर सुनाई देती है,कई बार घनी पत्तियों के बीच छिपे होने के कारण पक्षी दिखाई नहीं देता,लेकिन उसकी आवाज से आसपास मौजूद लोग उसकी उपस्थिति का अंदाजा लगा लेते हैं।
बरगद,पीपल और अंजीर के फल हैं पसंदीदा भोजन
ब्राउन-हेडेड बार्बेट मुख्य रूप से फलभक्षी पक्षी है,बरगद,पीपल,अंजीर और जामुन जैसे पेड़ों के पके फल इसके पसंदीदा भोजन में शामिल हैं,इसी कारण फलदार पेड़ों पर इसकी मौजूदगी अक्सर देखी जा सकती है,पेड़ों के फल खाने के साथ यह प्राकृतिक वातावरण में बीजों के प्रसार की प्रक्रिया में भी योगदान देता है। पेड़ों के तनों में बनाता है अपना घोंसला-इस पक्षी की एक और खास विशेषता घोंसला बनाने का तरीका है,यह अपनी मजबूत चोंच की सहायता से पेड़ों के सूखे या अपेक्षाकृत नरम तनों में गोलाकार कोटर बनाता है,इसी कोटर में यह अपना घोंसला तैयार करता है और प्रजनन करता है,पेड़ों पर निर्भर इसकी जीवनशैली इसे वृक्षों से जुड़े पारिस्थितिक तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाती है।
सोनहत की हरियाली में छिपी है प्रकृति की खूबसूरती
सोनहत क्षेत्र में घर के समीप बरगद के पेड़ पर इस पक्षी का दिखाई देना स्थानीय जैव-विविधता की खूबसूरत झलक प्रस्तुत करता है, क्षेत्र के जंगल,फलदार पेड़ और प्राकृतिक वनस्पतियां अनेक पक्षियों एवं वन्यजीवों के लिए अनुकूल आवास उपलब्ध कराती हैं,पत्रकार राजन पांडे द्वारा मोबाइल कैमरे में कैद की गई यह तस्वीर केवल एक पक्षी का दृश्य नहीं,बल्कि आसपास मौजूद प्रकृति की अनमोल विविधता की याद भी दिलाती है, जरूरत है कि ऐसे पेड़ों और प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखा जाए,ताकि सोनहत की हरियाली में पक्षियों की चहचहाहट और प्रकृति की यह खूबसूरती आने वाली पीढि़यों तक बनी रहे।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत 12 दिसंबर को,लंबित मामलों के निपटारे के लिए न्यायिक अधिकारियों ने कसी कमरएक ही दिन में सुलह से सुलझेंगे विवाद,12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत

Share -संवाददाता-बैकुंठपुर,28 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। इस वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी …

Leave a Reply