5 साहित्यकारों का सम्मान,मंत्री ओपी चौधरी बोले-छत्तीसगढ़ी बोलने में संकोच नहीं,गर्व करें
रायपुर,28 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ी भाषा को घर-परिवार, शिक्षा और रोजमर्रा के कामकाज में ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की जरूरत है। बच्चों की शुरुआती पढ़ाई भी स्थानीय भाषा में होनी चाहिए, ताकि वे आसानी से समझ सकें और बेहतर तरीके से सीख सकें। यह बात वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शनिवार को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह में कही। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी समेत दूसरी भाषाएं सीखने में कोई बुराई नहीं है,लेकिन अपनी मातृभाषा और संस्कृति को नहीं छोड़ना चाहिए। अपनी भाषा के प्रति गर्व और आत्मविश्वास होना जरूरी है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने भी कहा कि छत्तीसगढ़ी बोलने में किसी को संकोच नहीं करना चाहिए। हमें अपनी मातृभाषा बोलने पर गर्व होना चाहिए। संस्कृति विभाग के छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की ओर से सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में 14 साहित्यिक पुस्तकों का विमोचन किया गया। छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य में योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म ‘मोर भाखा’ भी लॉन्च की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल वीडियो संदेश के जरिए शामिल हुए।
मैकाले की शिक्षा नीति का जिक्र कर बोले…अपनी जड़ों से जुड़े रहें…
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी भाषा और संस्कृति से होती है। अंग्रेजों के शासनकाल की शिक्षा नीति और मैकाले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपनी भाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने से व्यक्ति का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने अपने स्कूली जीवन और आईएएस में चयन तक के अनुभव भी साझा किए। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने और छत्तीसगढ़ी को राजभाषा का दर्जा मिलने के बाद लोगों की सोच में बदलाव आया है। पहले ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने वाले कई लोग छत्तीसगढ़ी बोलने में संकोच करते थे। अब इस मानसिकता को पूरी तरह बदलने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि हीरालाल काव्योपाध्याय ने वर्ष 1885 में ही छत्तीसगढ़ी भाषा का व्याकरण तैयार कर दिया था। यह भाषा की पुरानी साहित्यिक परंपरा को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री बोले…नई पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ें….
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ी हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का प्रतीक है। लोकगीतों,लोककथाओं,तीज-त्योहारों और परंपराओं में इस भाषा की मिठास दिखाई देती है। उन्होंने लोगों से घर, शिक्षा,साहित्य और रोजमर्रा के व्यवहार में छत्तीसगढ़ी का इस्तेमाल बढ़ाने की अपील की। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी कहा कि बच्चों को छत्तीसगढ़ी सिखाएं और घर-परिवार में बिना संकोच इस भाषा का उपयोग करें। उन्होंने मातृभाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में सभी से योगदान देने की अपील की।
14 पुस्तकों का विमोचन : छत्तीसगढ़ी साहित्य,लोकजीवन,संस्कृति और सामाजिक विषयों पर लिखी गई 14 पुस्तकों का विमोचन किया गया।
5 साहित्यकार सम्मानित : गरियाबंद के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’,रायगढ़ की सुधा देवांगन, सरगुजा के सुदामा राम गुप्ता और रायपुर के ईश्वर साहू ‘बंधी’ व गोविंद धनगर को सम्मानित किया गया।
लघु फिल्म लॉन्च : छत्तीसगढ़ी भाषा पर आधारित फिल्म ‘मोर भाखा’ का लोकार्पण किया गया।
साहित्यिक परिचर्चा : ‘पुरखा के सुरता’ कार्यक्रम में दिवंगत साहित्यकार डॉ. सत्यभामा आडिल के साहित्यिक योगदान को याद किया गया। डॉ. कल्पना मिश्रा और डॉ. रेशमा अंसारी ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विचार रखे।
कवि सम्मेलनः बिहारी लाल साहू, अरुण निगम, सुधा वर्मा, किशोर तिवारी, अरविंद मिश्र समेत प्रदेश के कई कवियों ने छत्तीसगढ़ी रचनाएं सुनाईं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur