कोटद्वार,28 नवम्बर 2026। उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल ब्लॉक के अंतर्गत रिखणीखाल-सतपुली मार्ग पर भंगल्वाण गांव के पास शनिवार को एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस, थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के साथ ही एसडीएम लैंसडौन शालिनी मौर्य मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। हादसे का शिकार हुई सभी महिलाएं भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। जो सिद्धखाल में समूह की मीटिंग और अन्य काम निपटाकर इको वैन से गांव लौट रही थी। इस बीच हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार,शनिवार को थाना रिखणीखाल को सूचना मिली कि रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप एक इको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 फुट नीचे खाई में गिर गई है। पुलिस के अनुसार वाहन में चालक समेत कुल 13 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य और एएसपी मनोज ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पौड़ी गढ़वाल हादसे पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री का संदेश साझा किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल जिले में हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur