Breaking News

सूरजपुर@ मेडिकल बिलों में देरी पर डीईओ का आधिकारिक पत्र,डीडीओ की कार्यप्रणाली पर उठा सवाल

Share


शालेय शिक्षक संघ की शिकायत के बीच जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी डीडीओ को जारी किए निर्देश
सिविल सर्जन से पारित चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयक समय पर जिला कार्यालय में प्रस्तुत नहीं होने की बात पत्र में स्वीकार


-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,23 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)
। बीमार शिक्षकों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि के भुगतान में हो रही देरी को लेकर छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ द्वारा उठाया गया मुद्दा अब विभागीय पत्राचार में भी सामने आ गया है,जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर ने 23 नवंबर 2026 को जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को पत्र जारी कर चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं,डीईओ के इस पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि संबंधित डीडीओ द्वारा सिविल सर्जन से पारित चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति संबंधी देयक समय पर जिला कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किए जा रहे हैं,इसके कारण कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि की मांग उच्च कार्यालय को भेजने में विलंब हो रहा है और समय पर भुगतान के लिए बजट आवंटन एवं पुनर्बंटन में भी कठिनाई उत्पन्न हो रही है,शालेय शिक्षक संघ पहले से ही आरोप लगाता रहा है कि शिक्षकों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरण महीनों तक लंबित रखे जा रहे हैं और बीमार कर्मचारियों को अपनी ही राशि प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, अब डीईओ के आधिकारिक पत्र में डीडीओ स्तर पर देयक समय पर प्रस्तुत नहीं होने की बात सामने आने के बाद इस मामले में विभागीय जवाबदेही का प्रश्न और महत्वपूर्ण हो गया है।
डीईओ के पत्र में देरी की वजह का उल्लेख,अब जवाबदेही किसकी?-जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र क्रमांक 9402/ चिकित्सा / 2026,दिनांक 23 नवंबर 2026 में संचालनालय कोष एवं लेखा छत्तीसगढ़, नया रायपुर के 16 सितंबर 2026 के पत्र का संदर्भ दिया गया है,इसमें कहा गया है कि संबंधित डीडीओ द्वारा सिविल सर्जन से पारित चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयक निर्धारित समय में जिला कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किए जा रहे हैं,इसके परिणामस्वरूप कर्मचारियों के चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति के लिए मांग पत्र उच्च कार्यालय को भेजने में विलंब होता है और भुगतान के लिए आवश्यक बजट आवंटन एवं पुनर्बंटन की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है,यह उल्लेख महत्वपूर्ण है,क्योंकि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के भुगतान में देरी को लेकर उठ रहे सवालों के बीच विभागीय पत्र ने कम से कम देयक प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में हो रही देरी को आधिकारिक रूप से दर्ज किया है,हालांकि, पत्र में किसी अधिकारी या कर्मचारी पर रिश्वत अथवा कमीशन लेने की पुष्टि नहीं की गई है, ऐसे आरोपों की स्वतंत्र जांच आवश्यक होगी।
25,001 रुपये से अधिक के भुगतान के लिए भी स्पष्ट प्रक्रिया- डीईओ ने अपने पत्र में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (चिकित्सा परिचर्या) नियम, 2013 के नियम 7,10,11 एवं 13 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए हैं,पत्र के अनुसार सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के उपरांत ही चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति के देयकों पर भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए,इसके साथ ही 25,001 रुपये से अधिक की राशि के भुगतान के संबंध में कार्योत्तर स्वीकृति प्राप्त करने के लिए आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, छत्तीसगढ़,रायपुर को सीधे डीडीओ के माध्यम से प्रकरण प्रेषित करने को कहा गया है, स्वीकृति मिलने के बाद मांग पत्र के साथ संबंधित देयक की छायाप्रति जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना भी अनिवार्य किया गया है, इस निर्देश से स्पष्ट है कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के भुगतान के लिए निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया और सक्षम स्तर की स्वीकृति जरूरी है, ऐसे में किसी भी स्तर पर देयक लंबित रखने या निर्धारित प्रक्रिया का समय पर पालन नहीं करने से कर्मचारियों को होने वाली परेशानी की जिम्मेदारी तय करना भी आवश्यक है।
संघ का सवाल…बीमार शिक्षकों को अब तक क्यों लगाने पड़े कार्यालयों के चक्कर?-छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ के जिला सचिव गौतम शर्मा ने सवाल उठाया है कि जब विभागीय पत्र में ही डीडीओ स्तर से देयक समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण भुगतान प्रक्रिया प्रभावित होने की बात सामने आ गई है,तो अब तक लंबित प्रकरणों के लिए जवाबदेही किसकी तय हुई? उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी के इलाज में अपनी जमा पूंजी खर्च करने अथवा कर्ज लेने वाले शिक्षकों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में विभाग को यह बताना चाहिए कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में अब तक देरी क्यों हुई, संघ के जिलाध्यक्ष यादवेन्द्र दुबे ने कहा कि बीमार शिक्षक को राहत देने के बजाय उसे फाइलों और कार्यालयों के चक्कर में उलझाना उचित नहीं है,चिकित्सा प्रतिपूर्ति किसी अधिकारी की कृपा नहीं,बल्कि नियमों के तहत पात्र कर्मचारी को मिलने वाला अधिकार है,उन्होंने मांग की कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए और जिन स्तरों पर लापरवाही के कारण देरी हुई है,उनकी जिम्मेदारी निर्धारित की जाए।
केवल निर्देश नहीं,लंबित प्रकरणों का निराकरण भी जरूरी
शालेय शिक्षक संघ ने मांग की है कि जिले के सभी विकासखंडों में लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों की समीक्षा कराई जाए, प्रत्येक प्रकरण की स्थिति,देरी की अवधि और संबंधित स्तर पर हुई कार्रवाई का विवरण तैयार किया जाए,जिन मामलों में दस्तावेज या स्वीकृति की कमी है,उन्हें तत्काल पूरा कराने की व्यवस्था हो तथा पात्र शिक्षकों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए,संघ ने विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी मांग की है,संघ का कहना है कि उसकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं,बल्कि उस व्यवस्था के विरुद्ध है जिसमें इलाज कराने के बाद भी शिक्षक अपनी चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हो जाता है, डीईओ का निर्देश जारी होने के बाद अब निगाहें उसके पालन पर हैं। क्या जिले के सभी डीडीओ लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयकों को समय पर प्रस्तुत करेंगे? क्या विकासखंडवार समीक्षा कर देरी के कारणों और जिम्मेदारों की पहचान होगी? और सबसे अहम, क्या गंभीर बीमारी से जूझ रहे शिक्षकों को उनकी पात्र चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि समय पर मिल पाएगी? इन सवालों का जवाब अब विभागीय कार्रवाई से ही सामने आएगा।
फोटो 09


Share

Check Also

रामचंद्रपुर@ मवेशी तस्करी के फरार आरोपी को रामचंद्रपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Share पिकअप नाले में गिरने के बाद भाग निकला था तस्कर-संवाददाता-रामचंद्रपुर,23 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर …

Leave a Reply