Breaking News

सोनहत (कोरिया)@सोनहत के वनांचल में दाने-दाने को मोहताज ‘राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र’

Share

  • उज्ञाव और सिंघोर के पण्डो परिवारों के सामने गहराया भोजन का संकट
  • राशन के लिए दुकान पहुंचीं बुजुर्ग महिलाएं खाली झोला लेकर लौटने को मजबूर,ई-केवाईसी और राशन कार्ड नंबर की तकनीकी उलझन बनी परेशानी


-राजन पाण्डेय-
सोनहत (कोरिया),23 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
विकास के बड़े-बड़े दावों और सरकारी योजनाओं के प्रचार के बीच सोनहत विकासखंड के दूरस्थ वनांचल ग्राम उज्ञाव और सिंघोर से सामने आई तस्वीर सरकारी व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े करती है, विशेष पिछड़ी पण्डो जनजाति के जिन परिवारों को सम्मानपूर्वक ‘राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र’ कहा जाता है, आज उन्हीं परिवारों के सामने दो वक्त के भोजन का संकट गहराता दिखाई दे रहा है, हालात ऐसे हैं कि राशन की उम्मीद लेकर दुकान पहुंच रहीं बुजुर्ग महिलाएं खाली झोला लेकर वापस लौटने को मजबूर हैं, ग्रामीणों के अनुसार,उज्ञाव और सिंघोर के दर्जनों पण्डो परिवारों को सरकारी राशन नहीं मिल पा रहा है, इनमें कई बुजुर्ग और असहाय महिलाएं भी शामिल हैं,राशन लेने पहुंचने पर कुछ लोगों को राशन नहीं मिलने की बात कहकर लौटा दिया गया,वहीं कुछ ग्रामीणों को उनके नाम कटने की जानकारी दी गई, हालांकि, वास्तव में किन परिवारों के राशन कार्ड निरस्त हुए हैं और किनका राशन तकनीकी कारणों से रुका है,यह अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन इन परिवारों के घरों तक अनाज नहीं पहुंचना सबसे गंभीर चिंता का विषय है।
न रोजगार का सहारा,न राशन की गारंटी-पण्डो परिवारों की परेशानी केवल सरकारी राशन तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों के सामने रोजगार का संकट भी बना हुआ है, मनरेगा के काम बंद होने और अन्य रोजगारमूलक गतिविधियों की कमी के कारण मजदूरी से होने वाली आय का सहारा भी प्रभावित है,ऐसे में जब परिवारों को उचित मूल्य की दुकान से मिलने वाला अनाज भी नहीं मिल रहा, तो उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं, वनांचल के इन गांवों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए सरकारी राशन केवल एक योजना का लाभ नहीं, बल्कि रोजमर्रा के भोजन का महत्वपूर्ण आधार है, इस आधार के बाधित होने से परिवारों के सामने भोजन की व्यवस्था करना कठिन हो रहा है। सबसे अधिक चिंता बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को लेकर है।
शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण,जन सहयोग समिति ने उठाई आवाज-राशन नहीं मिलने की परेशानी से जूझ रहे ग्रामीणों ने अपनी व्यथा कोरिया जन सहयोग समिति के अध्यक्ष पुष्पेंद्र राजवाड़े के सामने रखी,ग्रामीणों की समस्या सुनने और उनकी स्थिति को गंभीरता से लेने के बाद राजवाड़े ने तत्काल उच्च अधिकारियों से संपर्क कर मामले को उनके संज्ञान में लाने की बात कही,उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले पण्डो जनजाति के परिवारों के सामने भोजन का संकट उत्पन्न होना बेहद दःुखद और चिंताजनक है,वे इस समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत कराएंगे और प्रभावित परिवारों को उनका हक दिलाने के लिए त्वरित निराकरण का प्रयास करेंगे,किसी भी गरीब परिवार को उसके अधिकार से वंचित नहीं रहने दिया जाना चाहिए।
प्रशासन से जवाब जरूरीः कब मिलेगा परिवारों को उनका राशन?- इस पूरे मामले में अब प्रशासन के सामने कई अहम सवाल हैं, उज्ञाव और सिंघोर में कितने पण्डो परिवारों को राशन नहीं मिला है? किन हितग्राहियों का ई-केवाईसी अधूरा है? किनके राशन कार्ड नंबर बदले हैं? क्या किसी परिवार का नाम वास्तव में राशन सूची से काटा गया है और यदि ऐसा हुआ है तो किस आधार पर? प्रभावित परिवारों को तत्काल राशन उपलब्ध कराने के लिए क्या वैकल्पिक व्यवस्था की गई है? इन सवालों का जवाब केवल कागजी जांच से नहीं,बल्कि गांवों तक पहुंचकर वास्तविक स्थिति का पता लगाने से मिलेगा, प्रशासन को चाहिए कि संबंधित विभाग की टीम भेजकर प्रभावित परिवारों की सूची तैयार करे,ई-केवाईसी और राशन कार्ड नंबर की त्रुटियों को तत्काल सुधारे तथा पात्र परिवारों को बिना अनावश्यक देरी के राशन उपलब्ध कराए,विकास की असली कसौटी योजनाओं के आंकड़े और घोषणाएं नहीं,बल्कि यह है कि उनका लाभ समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं,सोनहत के वनांचल में पण्डो परिवारों के सामने खड़ा भोजन का संकट इसी कसौटी पर व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर रहा है, अब देखना होगा कि प्रशासन इन परिवारों की पुकार सुनकर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है, या फिर इनकी भूख ई-केवाईसी और राशन कार्ड नंबर की तकनीकी उलझनों में ही उलझी रह जाती है।
ई-केवाईसी और बदले राशन कार्ड नंबर की उलझन-
मामले में जनपद पंचायत स्तर पर संपर्क करने पर जानकारी मिली कि कुछ ग्रामीणों का ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, जबकि कुछ लोगों के राशन कार्ड नंबर बदल गए हैं, नए नंबर की जानकारी या तकनीकी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण राशन वितरण प्रभावित होने की बात सामने आई है, यहां सवाल केवल तकनीकी खामी का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की जवाबदेही का भी है, जिसके तहत दूरस्थ वनांचल में रहने वाले अशिक्षित अथवा तकनीकी जानकारी से वंचित हितग्राहियों को स्वयं ऑनलाइन प्रक्रियाओं और दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिन लोगों के लिए राशन सबसे बड़ी जरूरत है, उन्हीं को राशन पाने के लिए तकनीकी औपचारिकताओं में उलझना पड़ रहा है, यदि ई-केवाईसी अधूरा है या राशन कार्ड का नंबर बदल गया है, तो संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रभावित परिवारों की पहचान कर उनकी समस्या का समाधान कराएं, किसी तकनीकी प्रक्रिया की कमी के कारण जरूरतमंद परिवारों को भोजन से वंचित नहीं रहने दिया जाना चाहिए।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@विभागीय जांच की प्रक्रिया एवं नियमों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

Share जांच प्रकरणों के नियमानुसार,पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण पर दिया गया मार्गदर्शन -संवाददाता-अम्बिकापुर,23 नवम्बर 2026 …

Leave a Reply