Breaking News

बैकुंठपुर/चिरमिरी/सोनहत/पटना@उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न,दो दिनों की रौनक के बाद सूने हुए घाट

Share

  • चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन,सूर्योपासना में सराबोर रहा कोरिया-एमसीबी
  • छठी मइया के जयकारों से गूंजे घाट,उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला व्रत
  • आस्था के सैलाब के बीच संपन्न हुआ छठ महापर्व,घाटों पर उमड़ी श्रद्धा की भीड़
  • डूबते और उगते सूर्य की उपासना,चार दिनों तक भक्ति के रंग में रंगा रहा पूरा अंचल
  • रातभर भजन-कीर्तन,भोर में सूर्य को अर्घ्य,छठ महापर्व के साथ घाटों की रौनक लौटी
  • घाटों पर उमड़ी आस्था, जनप्रतिनिधियों ने भी व्रतियों के बीच पहुंचकर दी शुभकामनाएं
  • कोरिया-एमसीबी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब,रातभर गूंजे छठ गीत और भजन-कीर्तन
  • मंत्री,विधायक सहित पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधियों ने व्रतियों से की मुलाकात, पारण के बाद घरों में बंटा प्रसाद


-रवि सिंह-
बैकुंठपुर/चिरमिरी/सोनहत/पटना, 16 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
‘मइया खोल नाहीं केवडि़या,दर्शनवा देहु ना…’और‘जोड़े-जोड़े सुपवा तोरे चढ़इबो ना छठी मइया…’जैसे पारंपरिक छठ गीतों की मधुर धुनों के बीच सोमवार की भोर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा विधि-विधान,श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया,कोरिया और एमसीबी जिले के विभिन्न छठ घाटों पर दो दिनों से दिखाई दे रही रौनक, साज-सज्जा और श्रद्धालुओं की चहल-पहल अब धीरे-धीरे समाप्त हो गई,रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य देने के बाद पूरी रात भजन-कीर्तन और छठ गीतों से गूंजते रहे घाट सोमवार की सुबह अंतिम अर्घ्यदान के बाद शांत होने लगे,व्रतियों ने सूर्यदेव और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि,संतान के दीर्घायु जीवन,स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इसके बाद पारण कर अपना कठिन निर्जला व्रत पूरा किया और घर लौटकर परिजनों, रिश्तेदारों तथा परिचितों के बीच प्रसाद वितरित किया।
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह से ही जिले के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था,रातभर पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के बाद भी व्रतियों का उत्साह कम नहीं हुआ,पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं और पुरुष अपने परिवार के सदस्यों के साथ सूप और दउरा में फल,गन्ना, नारियल, ठेकुआ तथा अन्य पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचे, जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई देने लगी,व्रती जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य की प्रतीक्षा करने लगे,सूर्य की पहली किरण के साथ जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया गया, इस दौरान छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा,पूजा संपन्न होने के बाद व्रतियों ने परिवार के सदस्यों के साथ पारण किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
पारण और प्रसाद वितरण के साथ घरों में लौटी रौनक
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन हुआ, व्रतियों ने पूजा संपन्न कर पारण किया और अपने घरों की ओर लौटने लगे,घरों में छठी मइया को अर्पित ठेकुआ,फल और अन्य प्रसाद का वितरण किया गया,परिवार और आसपास के लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं, इसके साथ ही दो दिनों से घाटों पर बनी उत्सव की रौनक भी धीरे-धीरे समाप्त हो गई,छठ महापर्व की विशेषता केवल सूर्य की उपासना तक सीमित नहीं है,यह पर्व कठिन तपस्या,अनुशासन, स्वच्छता, पारिवारिक एकजुटता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी देता है,उगते और डूबते सूर्य दोनों को समान श्रद्धा से अर्घ्य देने की परंपरा जीवन के हर पड़ाव के प्रति सम्मान का भाव प्रकट करती है,कोरिया और एमसीबी जिले में श्रद्धालुओं की व्यापक भागीदारी ने एक बार फिर यह दिखाया कि छठ महापर्व लोगों को आस्था के साथ सामाजिक और पारिवारिक एकता के सूत्र में भी जोड़ता है, घाटों से भले ही रौनक लौट गई हो, लेकिन छठी मइया के प्रति श्रद्धा और पर्व की स्मृतियां लोगों के मन में बनी रहेंगी।
छठ घाट पर देवरहा बाबा सेवा समिति ने किया कॉफी और बिस्कुट का वितरण, विधायक भैयालाल राजवाड़े व पुलिस अधीक्षक का किया आत्मीय स्वागत
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर देवरहा बाबा सेवा समिति ने सेवा और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए छठ घाट पर श्रद्धालुओं एवं व्रतियों के बीच कॉफी और बिस्कुट का वितरण किया,समिति के सदस्यों ने पूरे उत्साह और सेवाभाव के साथ घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं की सेवा की, इस अवसर पर बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े का समिति के सदस्यों ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया,विधायक ने छठ घाट का भ्रमण कर व्रतियों और श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं,वहीं जिले के पुलिस अधीक्षक का भी समिति की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया,समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता,आपसी भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करना समिति का प्रमुख उद्देश्य है, छठ जैसे आस्था के महापर्व पर श्रद्धालुओं के बीच सेवा कार्य करना उनके लिए सौभाग्य की बात है,समिति ने समस्त छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख,शांति और समृद्धि की कामना की, समिति का संदेश रहा— सेवा ही संकल्प, समाज ही परिवार।
आस्था का महासागर,घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
कोरिया और एमसीबी जिले में छठ महापर्व को लेकर इस बार भी लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया,बैकुंठपुर,चिरमिरी,मनेंद्रगढ़,चरचा,खड़गवां,नागपुर, नई लेदरी,खोंगापानी,झगराखांड,भरतपुर और पटना सहित विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छठ पूजा की धूम रही,पटना के झूमरपारा तालाब,कटकोना एसईसीएल जलाशय,गोबरी जलाशय,राम मंदिर तालाब,झुमका बांध और गेज नदी तट सहित अनेक स्थानों पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु पहुंचे,घाटों पर परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से सूर्योपासना की,कहीं महिलाएं छठ गीत गाते हुए पूजा की तैयारियों में जुटी दिखाई दीं,तो कहीं परिवार के सदस्य सूप और दउरा लेकर व्रतियों के साथ खड़े होकर अर्घ्यदान में सहयोग करते नजर आए,जलाशयों और नदी तटों पर श्रद्धालुओं की कतारें तथा पूजा सामग्री से सजे घाट पर्व की व्यापकता और लोगों की गहरी आस्था को प्रदर्शित कर रहे थे।
झूमरपारा तालाब में जगह पड़ी कम,घाट विस्तार की उठी आवश्यकता
पटना के झूमरपारा तालाब में श्रद्धालुओं की संख्या इस बार भी काफी अधिक रही, भीड़ के कारण व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए पर्याप्त स्थान की कमी महसूस हुई, तालाब की सीढि़यों और किनारों पर सूप-दउरा लेकर श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं, घाट का उपलब्ध स्थान लगभग भर जाने से आयोजन समिति के सामने भीड़ को व्यवस्थित रखने की चुनौती रही,समिति ने तालाब पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए छठ घाट के विस्तार और सुविधाओं की आवश्यकता की ओर ध्यान आकृष्ट कराया,इस पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि छठी मइया का आशीर्वाद रहा तो अगले वर्ष व्रतियों के लिए स्थान की कमी नहीं होने दी जाएगी,घाट के विस्तार और सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम कराने की बात भी कही गई,श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए झूमरपारा तालाब पर स्थायी और सुविधायुक्त छठ घाट का विस्तार स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण आवश्यकता के रूप में सामने आया।
छठ घाटों पर जनप्रतिनिधियों की भी रही सक्रिय मौजूदगी
छठ महापर्व के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी चर्चा में रही,एमसीबी जिले में स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल लगभग सभी प्रमुख छठ घाटों पर पहुंचे और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं,उन्होंने व्रतियों और परिवारों के बीच पहुंचकर छठ महापर्व की खुशियां साझा कीं,वहीं बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े भी छठ घाटों पर पहुंचे और व्रती महिलाओं तथा श्रद्धालुओं से भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी, इसके अलावा भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधि तथा नगर पालिका और नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधि भी अपने-अपने क्षेत्रों के छठ घाटों पर मौजूद रहे,पक्ष और विपक्ष के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने पर्व के दौरान स्थानीय जनसंपर्क को भी एक अलग दृश्य दिया,हालांकि घाटों पर सभी की उपस्थिति का प्रमुख अवसर छठ महापर्व और श्रद्धालुओं के साथ सहभागिता रहा,जनप्रतिनिधियों ने व्रतियों से बातचीत की,पर्व की शुभकामनाएं दीं और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर रहा ध्यान
छठ महापर्व के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए स्थानीय छठ पूजा समितियों,नगरीय निकायों और प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की गई थीं,श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो,इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए गए,वहीं भीड़ को व्यवस्थित रखने और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल की मौजूदगी भी रही,पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया,छठ पर्व के दौरान घाटों पर केवल व्रती ही नहीं,बल्कि उनके परिजन,रिश्तेदार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे,ऐसे में श्रद्धालुओं की आवाजाही और पूजा के लिए स्थान उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया,जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं से संवाद किया।
छठ घाट पर अशोक जायसवाल ने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से पिलाई चाय,बिस्कुट का भी किया वितरण
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष,जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं समाजसेवी अशोक जायसवाल ने प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए छठ घाट पर श्रद्धालुओं और व्रतियों के बीच चाय एवं बिस्कुट का वितरण किया, उन्होंने स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं को चाय और बिस्कुट वितरित कर सेवा एवं समर्पण का संदेश दिया, इस दौरान अशोक जायसवाल ने छठ घाट का भ्रमण कर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं,उन्होंने पूरे उत्साह और सेवाभाव के साथ श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उनकी सेवा की, उनका कहना था कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से आपसी भाईचारे,सामाजिक सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करना आवश्यक है,इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता,पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकृष्ण साहू,नगर पालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव ‘लल्ला’,पार्षद अंकित गुप्ता ‘लवी’,दीनू जायसवाल,जनक गुप्ता,लालदास महंत एवं दिनेश राजवाड़े सहितअन्य लोग उपस्थित रहे।


Share

Check Also

बैकुण्ठपुर@ वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के जरिए कांग्रेस ने भरी हुंकार,भांडी और बंजारी ढांड में हुई जन चौपाल

Share अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पर्यवेक्षक देबासिस पटनायक,नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद ज्योत्सना …

Leave a Reply