Breaking News

अम्बिकापुर@छठ पर्व के दिन गोधनपुर के दो घरों से 25 लाख का जेवरात पार

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। गोधनपुर पानी टंकी चैक के पास एक ही शाम में दो सूने मकानों में चोरों ने धावा बोल दिया। छठ पर्व के कारण मोहल्ला खाली था,इसका फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी के लॉकर में रखा लाखों रुपये का सोने-चांदी का जेवरात और नकदी रकम पार कर दिया। दोनों घरों में हुई 25 लाख रुपये की चोरी का अंदेशा है। जानकारी के मुताबिक,गोधनपुर में पानी टंकी चैक के पास रहने वाले संजय कुमार प्रसाद पिता स्व.नगवंत प्रसाद 56 वर्ष, 15 नवंबर की शाम को 4 बजे परिवार सहित घर में ताला लगाकर घुनघुटा बांध में छठ पर्व मनाने गए थे। शाम करीब 7 बजे लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और ताले पर रॉड से चोट के निशान थे। अंदर जाकर देखा तो घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी के दोनों दरवाजे खुले थे। अलमारी के अंदर का लॉकर तोड़ा गया था। अंदर अलमारी खुली पड़ी थी और पूरा सामान बिखरा हुआ था।अलमारी का लॉकर तोड़कर चोर सोने के जेवरातों में सोने का 05 टप्स,01 नेकलेस,01 चैन, 05 लॉकेट,01 अंगूठी,नाक का 06 कील, 01 नथ,चांदी का 05 जोड़ी पायल, 12,500 रुपये नगद और गुल्लक में रखा 1000 रुपये ले गए थे। घटना शाम 4 से 7 बजे के बीच की बताई गई है। चोर ने शातिर तरीके से सिर्फ जेवरात और नकदी को निशाना बनाया,घर में रखा लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान छोड़ दिया। पड़ोस के घर में भी चोर ने धावा बोला था। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड,फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच की।
शिक्षक मनोज सिंह के घर से 10 लाख का जेवरात चोरी : इसी गली में शिक्षक मनोज सिंह के घर में भी उसी समय ताला तोड़कर चोरी हुई। मनोज सिंह ने बताया कि उनके घर से भी चोरी करीब 10 लाख का जेवरात पार कर दिया। शिक्षक ने बताया कि छठ पर्व के कारण पूरा मोहल्ला सूना था,सभी लोग छठ घाट या घुनघुटा डैम में पूजा करने गए थे। जब वे घर पहुंचे तो गेट बाहर से बंद दिखा लेकिन ताले में चोट के निशान थे,अंदर का लकड़ी का दरवाजा पूरा खुला था। अलमारी के दोनों दरवाजे खुले थे,कपड़े और किताबें सहित पूरा सामान बिखरा हुआ थी। पड़ोस के घर में भी ताला टूटा हुआ था। उनके घर में चोर मुख्य प्रवेश द्वार का ताला रॉड से तोड़कर प्रवेश किए,पीछे के गेट की कुंडी को भी चोरों ने तोड़ दिया था। अंदर जाने पर घर के 3 अलमारी और 2 अलमारी का लॉकर टूटा मिला। एक लॉकर में पूरे आभूषण थे,कैश एक थैले में रखा था। लाल बैग में हार और छोटे बैग में अंगूठी, चैन रखा था। चोर सोने का चैन,हार, दो अंगूठी,बिछिया,पायल,कनबाली सहित लगभग 10 लाख का जेवरात लेकर डिब्बा छत पर फेंक दिए थे। पुलिस दोनों मामलों में डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट टीम के साथ जांच के बाद चोर के तलाश में लगी है। संभावना नशेड़ी किस्म के लोगों के द्वारा वारदात को अंजाम देने की बनी है।
पुलिस थी मौजूद,छत से कूदकर भागा चोर
घटना के समय आसपास के लोग भी छठ पूजा में व्यस्त थे,पूरा मोहल्ला खाली था। मौके पर पहुंची पुलिस विवेचना में लगी थी। जब मनोज सिंह पुलिस को चोरी गए सामानों की सूची बनाकर दे रहे थे,तभी भीड़ की नजर छत के ऊपर मौजूद चोर पर पड़ी। इस दौरान उनके साढ़ू के वाहन चालक ने देखा कि काला जैकेट पहना एक व्यक्ति छत से दोनों जेब पकड़ कर कूदा और झाडि़यों में गुम हो गया। भागते समय वह लंगड़ा भी रहा था, जिससे संभावना कूदने के दौरान चोट लगने की बनी हुई है। पुलिस डॉग भी उसी झाड़ी की तरफ गया लेकिन चोर हाथ नहीं लगा। पीडि़तों का कहना है कि चोरी की वारदात को रेकी करके अंजाम दिया गया है। छठ पूजा के दौरान किस घर में कौन रहेगा, नहीं रहेगा, इसकी पूरी जानकारी चोरों को थी।
नशेड़ी किस्म के युवकों पर संदेह
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि गली के अंतिम छोर पर कुछ नशेड़ी किस्म के युवक रहते हैं, जो कबाड़ और छोटा-मोटा सामान बेचते हैं। संभावना जताई गई है कि इनके द्वारा ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया होगा। दोनों मामले में थाना देहात गांधीनगर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है, और पुलिस अग्रिम जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि,जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


Share

Check Also

बैकुण्ठपुर@ वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के जरिए कांग्रेस ने भरी हुंकार,भांडी और बंजारी ढांड में हुई जन चौपाल

Share अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पर्यवेक्षक देबासिस पटनायक,नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद ज्योत्सना …

Leave a Reply