धमतरी,16 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े मामले में महाराष्ट्र के 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से दो कारों में 131.668 किलो गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे। पुलिस ने श्यामतराई नाका पर घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। दोनों कार और 5 मोबाइल समेत 72.45 लाख रुपए से ज्यादा का सामान जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नशे के अवैध कारोबार और दूसरे राज्यों में गांजा तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन निश्चय चलाया जा रहा है। इसी दौरान साइबर थाना की टीम को सूचना मिली कि ओडिशा के जयपुर इलाके से दो कारों में गांजा भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। दोनों कारें चारामा के रास्ते धमतरी की ओर आ रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने श्यामतराई नाका पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद वहां नैनो और
स्विफ्ट डिजायर कार पहुंची। पुलिस ने दोनों गाडि़यों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान दोनों कारों से कुल 131.668 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने पांचों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया है,उनमें कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे (27), निवासी मलकापुर वागुढ़,जिला बुलढाना; रामेश्वर सालिक राम दांडगे (31),निवासी संभाजी नगर हाईवे रोड,जलगांव;राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस (32),लखन गुलाब बेलदार (34) और गणेश विजय पाटिल (29),निवासी वेललाडे,जिला जलगांव,महाराष्ट्र शामिल हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur