-संवाददाता-
बलरामपुर,15 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिले में धान खरीदी उत्सव 2026-27 का शुभारंभ कृषक बंधुओं ने स्वयं विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। बलरामपुर धान उपार्जन केंद्र में परंपरा के अनुरूप किसानों ने तौल मशीन और बांट की पूजा की,जिसके बाद कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने धान बेचने पहुंचे किसान श्री संतन सिंह एवं श्री संतोष यादव का तिलक लगाकर और माला पहनाकर सम्मान किया, उनका मुंह मीठा कराया तथा सभी कृषक बंधुओं को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही धान की तौल कर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की गई। प्रथम दिवस जिले के कई उपार्जन केंद्रों में सुबह से ही किसानों की चहल-पहल रही और जगह-जगह पूजा-अर्चना के साथ खरीदी प्रारंभ हुई। प्रथम दिवस वीरेंद्रनगर, रघुनाथनगर, बरदर, वाड्रफनगर,बसंतपुर, डोंगरो, बरियों, सरना, रामानुजगंज, जमड़ी,त्रिकुंडा,बलंगी,और रामनगर सहित कई समितियों में किसानों ने धान का विक्रय किया। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि समर्थन मूल्य पर किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदा जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में प्रति बोरा 40 किलोग्राम धान की भर्ती होगी तथा नए जूट बारदाने का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य रहेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करें और साफ-सुथरा, सूखा धान निर्धारित तिथि पर केंद्र में लेकर आएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य पारदर्शी व्यवस्था के साथ मिले,यह प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में संधारित टोकन, बारदाना, फड़ मुंशी, धान खरीदी, धान उठाव, रिजेक्ट, स्टॉक एवं निरीक्षण पंजी का अवलोकन किया तथा हमालों की अद्यतन स्थिति के लिए हमाल रजिस्टर में नियमित एंट्री सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। पहले दिन धान बेचने पहुंचे ओबरी के किसान श्री संतन सिंह ने बताया कि वे लगभग 7 एकड़ में खेती करते हैं और आज उन्होंने 50 क्विंटल (125 बोरा) धान समिति में बेचा है। उन्होंने कहा कि शासन के किसान हितैषी निर्णयों से किसान काफी खुश हैं। जतरो और अलगडीहा में खेती करने वाले किसान श्री संतोष यादव ने बताया कि उन्होंने आज 16 क्विंटल 40 किलो (41 बोरी) धान का विक्रय किया है और केंद्र की व्यवस्था सुगम रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur