Breaking News

अम्बिकापुर@छठ पर्व की खुशियों के बीच अनोखी सोच संस्था ने निभाया मानवता का धर्म

Share


परिजनों से बेखबर बुजुर्ग महिला का किया ससम्मान कफन-दफन,अंतिम विदाई में भी नहीं छोड़ी संवेदनशीलता


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों और उत्सवी माहौल के बीच अनोखी सोच संस्था के सदस्यों ने मानवता की ऐसी मिसाल पेश की,जिसने सामाजिक संवेदनशीलता की एक नई तस्वीर सामने रखी। नारी निकेतन में निवासरत 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुकरो का रविवार सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण महिला अपने परिजनों और स्थायी पते की जानकारी नहीं दे पाती थीं। ऐसे में अंतिम विदाई देने के लिए भी उनका कोई अपना सामने नहीं आया। इस कठिन परिस्थिति में अनोखी सोच संस्था ने जिम्मेदारी संभाली और पूरे सम्मान के साथ उनका कफन-दफन कराया।
पांच वर्षों तक चला इलाज और देखरेख का सिलसिला : जानकारी के अनुसार, सुकरो को वर्ष 2021 में उज्ज्वल गृह, कोरिया द्वारा अंबिकापुर स्थित नारी निकेतन भेजा गया था। उनकी मानसिक स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें बिलासपुर के सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया,जहां वर्ष 2021 से 2024 तक उनका उपचार चला। स्वास्थ्य में सुधार के बाद वर्ष 2024 में उन्हें पुनः अंबिकापुर नारी निकेतन लाया गया। इसके बाद से जिला अस्पताल में उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार जारी था।
नारी निकेतन की अधीक्षिका
की सूचना पर आगे आई संस्था

महिला की पहचान और परिजनों के संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी का सवाल खड़ा हो गया। नारी निकेतन की अधीक्षिका ने अनोखी सोच संस्था से संपर्क कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। साथ ही आग्रह किया कि महिला का कफन-दफन सम्मानपूर्वक कराया जाए,ताकि भविष्य में यदि कोई परिजन या रिश्तेदार उनकी तलाश में पहुंचे तो आगे की पारंपरिक रस्में पूरी कर सके।
छठ की व्यस्तता छोड़
अंतिम विदाई को दी प्राथमिकता

छठ पर्व के उत्साह और व्यक्तिगत तैयारियों के बीच संस्था के सदस्यों ने अपने कार्यों से ऊपर उठकर बेसहारा महिला को अंतिम विदाई देने का निर्णय लिया। संस्था की टीम ने पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ उनका कफन-दफन संपन्न कराया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि इंसानियत का रिश्ता किसी पहचान, परिचय या पारिवारिक संबंध का मोहताज नहीं होता। अनोखी सोच संस्था के अध्यक्ष प्रकाश साहू सहित मोती ताम्रकार,चन्द्र प्रताप सिंह,रूपेश बेहरा,पंकज चौधरी,विकास मिश्रा,अजय साहू,सावन विकास साहू, नितेश,अनिल दास एवं सौरभ दास ने इस मानवीय कार्य में सहभागिता निभाई। बेसहारा महिला को सम्मानजनक अंतिम विदाई देने की संस्था की इस पहल की सराहना हो रही है। उत्सव के बीच समाज के प्रति निभाई गई यह जिम्मेदारी बताती है कि मानवता का सबसे बड़ा धर्म है—उस व्यक्ति के साथ भी खड़ा होना,जिसका इस दुनिया में कोई अपना न हो।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@कांच ही बांस के बहंगिया…छठ गीतों से गूंजते रहे घाट

Share व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य -संवाददाता-अम्बिकापुर,15 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। लोक आस्था …

Leave a Reply