रायपुर,15 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार शाम घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। व्रती महिलाएं सूप और दउरा में फल, ठेकुआ और प्रसाद सजाकर घाट पहुंची। ढोल-नगाड़ों के बीच डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बिलासपुर में अरपा नदी के तट पर 1 किलोमीटर लंबा घाट तैयार किया गया है,जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। यहां 5100 दीप जलाकर महाआरती की जाएगी। रायपुर में महादेव घाट जाने वाले रास्ते में 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था।
उत्तरप्रदेश से भी पहुंचे श्रद्धालु
बिलासपुर में उत्तर प्रदेश से पहुंची प्रीति राय ने बताया कि उन्होंने अपने पड़ोसियों को छठ पूजा की तैयारियों और आयोजन में पूरी मदद की।
समिति के अध्यक्ष बोले…छठ पूजा में पंडित की जरूरत नहीं…
बिलासपुर छठ पूजा आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र दास ने कहा कि छठ पूजा में पंडित जी की कोई व्यवस्था नहीं होती है। भक्त सीधे भगवान सूर्य की पूजा करते हैं। मनोकामना पूर्ति के लिए छठी मैया की पूजा की जाती है।
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर आज पूरा होगा छठ व्रत
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु घाटों से लौटने लगे हैं। अब कल सुबह उगते सूर्य को इसी घाट पर अर्घ्य देकर व्रती अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा करेंगे।
रायगढ़ में डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया
रायगढ़ में केलो नदी के किनारे स्थित छठ घाटों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। जूटमिल क्षेत्र में सबसे बड़ा छठ घाट है। इसके अलावा एसईसीएल रोड और बेलाडुला के खर्राघाट स्थित छठ घाटों पर भी शाम होते ही हजारों श्रद्धालु पहुंचे और छठी मैया की पूजा की।
श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ पहुंचे…
बेमेतरा शहर के बंधवा तालाब में श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ पहुंचे। व्रती महिलाएं पारंपरिक रीति-रिवाजों से भगवान सूर्य की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालु बोले- छठी मैया की पूजा से पूरी होती हैं मनोकामनाएं…
भिलाई में श्रद्धालुओं ने बताया कि मान्यता है कि छठी मैया की पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा की गई…
बिलासपुर में घरों में आम की लकड़ी से तैयार ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद नए सूप और टोकरी में सजाकर श्रद्धालु छठ घाट पहुंचे। यहां छठी मैया और सूर्यदेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। जशपुर में व्रती महिलाएं और पुरुष परिजनों के साथ नदी, तालाब और जलाशयों के घाटों पर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur