केएनएस विनायक माइनिंग के डायरेक्टर पर एफआईआर,कोयला खदान में पार्टनर बनाने का दिया था झांसा
रायपुर,15 नवम्बर 2026। रायपुर में कोयला खनन कारोबार में पार्टनर बनाने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी से 4.55 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि केएनएस विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह ने कोरबा जिले की खदान में साझेदारी का प्रस्ताव देकर कारोबारी से 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपए लिए। रकम मिलने के बाद न तो निवेश का पैसा लौटाया और न ही मुनाफे का हिसाब दिया। इसके बाद कारोबारी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या रेसिडेंसी के अक्षत राजन थ्री डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। कुछ समय पहले उनकी पहचान केएनएस विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह से हुई थी। आरोप है कि अमन ने उन्हें कोरबा जिले के पाली स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में बिजनेस पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया। उसने कारोबार में हिस्सेदारी के साथ निवेश की रकम और अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया।
14 नवंबर को थाने पहुंचा कारोबारी, एफआईआर दर्ज : लगातार कोशिशों के बाद भी रकम वापस नहीं मिलने पर अक्षत ने 14 नवंबर को तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केएनएस विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316 और 61 के तहत एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले में लेन-देन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पैसे और मुनाफे का हिसाब मांगने पर टालने लगा : शिकायत में बताया गया है कि जब अक्षत ने निवेश की मूल रकम और मुनाफे का हिसाब मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। पिछले एक-दो साल से लगातार पैसे मांगने के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। कारोबारी को लेन-देन और खदान में हुए खर्चों का हिसाब भी नहीं दिया गया। आखिरकार आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur