Breaking News

बैकुंठपुर/चिरमिरी/सोनहत/पटना@सुनिह अरज छठी मईया… बढ़े कुल-परिवार…’ छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Share

  • स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल व विधायक भैयालाल भी पहुँचे छठ घाट क्षेत्र के लिए की मंगल कामनाएं…
  • डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर छठव्रतियों ने की परिवार के सुख-समृद्धि और संतान के मंगल की कामना
  • बैकुंठपुर,चिरमिरी,सोनहत,पटना,चरचा,खरवत और कटगोड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर भक्तिमय माहौल
  • जोड़ातालाब,झुमका,गेज नदी,बड़ी बाजार, डोमनहिल, पोड़ी,झूमर तालाब और बुढ़ा सागर सहित नदी-तालाबों के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ छठ गीतों,दीपों और आतिशबाजी से जगमगाए घाट


-संवाददाता-
बैकुंठपुर/चिरमिरी/सोनहत/पटना, 15 नवंबर 2026 (घटती घटना)।
‘सुनिह अरज छठी मईया, बढ़े कुल-परिवार…’और ‘छठी मईया देहलू असीसिया, चहके अंगना दुआर…’जैसे पारंपरिक छठ गीतों की मधुर स्वर लहरियों के बीच रविवार की शाम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को प्रथम अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के सुख-सौभाग्य,उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। बैकुंठपुर से चिरमिरी,सोनहत, पटना, चरचा, खरवत और कटगोड़ी तक नदी-तालाबों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, कहीं तालाबों के किनारे दीपों की कतारें सजीं तो कहीं नदी तट पर सामूहिक सूर्योपासना का दृश्य दिखाई दिया,पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाएं सिर पर फल और पूजन सामग्री से सजे सूप तथा दउरा लेकर परिवार के सदस्यों के साथ घाटों तक पहुंचीं, पानी में खड़े होकर उन्होंने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और छठी मईया से परिवार के कल्याण की प्रार्थना की, घाटों पर बजते छठ गीत, शंखध्वनि,पूजा की घंटियां और श्रद्धालुओं की सामूहिक प्रार्थना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोग इस महापर्व में सहभागी बने,शाम ढलने के साथ ही घाटों पर आस्था और उत्साह का ऐसा संगम दिखाई दिया,जिसने छठ पर्व की सामूहिकता और पारिवारिक परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
बैकुंठपुर के जोड़ातालाब और झुमका सहित घाटों पर उमड़ी भीड़
बैकुंठपुर नगर में छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा, जोड़ातालाब,झुमका सहित नगर के विभिन्न तालाबों और जलाशयों के घाटों पर व्रती महिलाओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया,गढ़ेलपारा स्थित गेज नदी तट पर छठी मईया के भक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा। यहां अर्घ्य से पहले गंगा आरती के माध्यम से आराधना की गई,श्रीराम मंदिर छठ घाट और अन्य पूजा स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, नगरपालिका परिषद की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने की जानकारी सामने आई, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समितियों और स्थानीय युवाओं ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया। घाटों पर परिवार के सदस्य पूजन सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर पहुंचे तथा सामूहिक रूप से सूर्यदेव की आराधना की।
पटना में झूमर तालाब से बुढ़ा सागर तक छठ की धूम
पटना क्षेत्र में भी छठ महापर्व का उत्साह देखते ही बना, झूमर तालाब और बुढ़ा सागर तालाब सहित विभिन्न जलाशयों में व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया, घाटों पर परिवार के सदस्य फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री लेकर पहुंचे,पारंपरिक गीतों के बीच सूर्योपासना का सिलसिला चलता रहा, कटगोड़ी के एसईसीएल तालाब और गोबरी जलाशय में भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की,वहीं चरचा के नदी घाटों पर भी बड़ी संख्या में व्रती और उनके परिजन पहुंचे। पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देने के दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।
चिरमिरी के बड़ी बाजार,डोमनहिल और पोड़ी में दिखी सामूहिक आस्था
चिरमिरी क्षेत्र में बड़ी बाजार,डोमनहिल और पोड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया गया, घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी और व्रती महिलाओं ने पारंपरिक विधि से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया,छठ गीतों की गूंज और पूजा की तैयारियों ने पूरे क्षेत्र को पर्वमय बना दिया,परिवार के सदस्य सिर पर दउरा और सूप लेकर घाटों तक पहुंचे। फल, नारियल और पारंपरिक प्रसाद से सजे सूप के साथ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना की,कई स्थानों पर आतिशबाजी और गाजे-बाजे ने उत्सव के माहौल को और आकर्षक बना दिया।
सोनहत में गेज नदी तट पर सामूहिक सूर्योपासना–
सोनहत क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर भी छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया,गेज नदी तट सहित अन्य तालाबों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही,गढ़ेलपारा में छठी मईया के भक्ति गीतों के बीच पूजा-अर्चना हुई, श्रद्धालुओं ने पारंपरिक सूप और दउरा में फल तथा पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया, घाटों पर परिवारों की सामूहिक भागीदारी ने पर्व की सामाजिक एकता को भी प्रदर्शित किया,एक साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पानी में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना की, यहां पूजा-अर्चना के साथ गंगा आरती का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहा।
36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत,अनुशासन और समर्पण की मिसाल– चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से हुई,इसके बाद शनिवार को खरना का अनुष्ठान संपन्न हुआ,रविवार को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया, सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा,छठ व्रत की कठिन साधना में लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास विशेष महत्व रखता है,व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा, अनुशासन और नियमों का पालन करते हुए इस तपस्या को पूरा करती हैं,संतान की दीर्घायु,परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और जीवन में मंगल की कामना इस व्रत के प्रमुख भाव हैं।
सूप और दउरा में सजे फल,प्रसाद ने बढ़ाई पर्व की रौनक- छठ पूजा में प्रकृति से प्राप्त फल और सामग्री का विशेष महत्व है,केले,सेब,संतरा,मौसंबी,सिंघाड़ा, अनानास,बेर,सुथनी,लालकंदा,नारियल और गन्ना सहित विभिन्न फल सूर्यदेव को अर्पित किए जाते हैं,बांस के सूप और दउरा में सजाकर इन्हें घाटों तक पहुंचाया जाता है, इसके साथ ही पारंपरिक ठेकुआ और अन्य प्रसाद भी पूजा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं,पर्व को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल रही,श्रद्धालुओं ने पूजा सामग्री और फलों की खरीदारी की,छठ पर्व की तैयारियों में परिवार के सभी सदस्य सहभागी बने और घरों से लेकर घाटों तक उत्सव का माहौल दिखाई दिया।
सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ पूरा होगा महापर्व-रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित करने के बाद अब सोमवार, 16 नवंबर की सुबह व्रती उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे, इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा और व्रती पारण करेंगे,बैकुंठपुर,चिरमिरी,सोनहत,पटना, चरचा, खरवत और कटगोड़ी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छठ महापर्व के दौरान दिखाई दिया उत्साह इस बात का प्रमाण रहा कि यह पर्व अब केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि परिवार,समाज,लोकसंस्कृति और प्रकृति को जोड़ने वाली सामूहिक परंपरा बन चुका है, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर श्रद्धालुओं ने यह संदेश भी दिया कि आस्था में न अस्त का भेद है, न उदय का—प्रकृति के हर स्वरूप के प्रति कृतज्ञता ही छठ महापर्व की सबसे बड़ी पहचान है।
सुरक्षा, सफाई और रोशनी की व्यवस्थाओं पर रहा जोर– छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्थानीय स्तर पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं पर ध्यान दिया गया, नगरपालिका परिषद बैकुंठपुर सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय समितियों और युवाओं ने घाटों की व्यवस्था में सहयोग किया, घाटों पर रोशनी और पूजा के लिए स्थान तैयार किए गए। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं की गईं,दीपों से सजे घाटों का दृश्य शाम के समय विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
छठ गीतों ने बांधा समां, लोक परंपरा से जुड़ी नई पीढ़ी-छठ महापर्व की पहचान उसके पारंपरिक लोकगीतों से भी है, ‘भइल भिनुसर अइल अरघ के बेरा, उगा हो सुरुजमल लेके अपन रथिया…’ जैसे गीतों के माध्यम से महिलाएं सूर्यदेव और छठी मईया की आराधना करती रहीं,इन गीतों में परिवार की खुशहाली,संतान की लंबी आयु,सुख-समृद्धि और लोकजीवन की भावनाएं समाहित हैं, खास बात यह रही कि नई पीढ़ी के बच्चे और युवा भी परिवार के साथ घाटों तक पहुंचे और इस परंपरा से जुड़े दिखाई दिए।
मोहित पैकरा ने बताया प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व-जिला पंचायत अध्यक्ष कोरिया मोहित राम पैकरा ने जिलेवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आस्था के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है, उन्होंने कहा कि घाटों पर श्रद्धालुओं का उत्साह और सामूहिक भागीदारी इस पर्व की महत्ता को दर्शाती है।
छठ पर्व जिलेवासियों के लिए शुभकारी हो, छठी मइया सभी को आशीष प्रदान करें : विनय उपाध्याय- छठ महापर्व के पावन अवसर पर चिरमिरी के सफल व्यवसायी एवं कांग्रेस नेता विनय उपाध्याय ने जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं, उन्होंने छठी मइया से कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख,शांति,समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा छठी मइया सभी पर अपनी कृपा और आशीष बनाए रखें, विनय उपाध्याय ने छठ पर्व को आस्था,श्रद्धा और समर्पण का महान पर्व बताते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति और सूर्य उपासना के साथ परिवार की सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की भावना का प्रतीक है, उन्होंने सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए पर्व के मंगलमय एवं शुभकारी होने की कामना की।
गुलाब कमरो ने कहा—आस्था का महाकुंभ है छठ पूजा- भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए इसे आस्था का महाकुंभ बताया,उन्होंने कहा कि इस पर्व का विस्तार लगातार बढ़ रहा है,नदी और तालाबों के घाटों पर सामूहिक रूप से सूर्योपासना का दृश्य श्रद्धा और भक्ति से मन को भर देता है।
अशोक जायसवाल ने की बेहतर स्वास्थ्य और प्रगति की कामना
बैकुंठपुर के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल ने भी क्षेत्रवासियों को छठ पर्व की बधाई दी, उन्होंने छठी मईया से सभी के बेहतर स्वास्थ्य,सुख-समृद्धि और जीवन में निरंतर प्रगति की कामना की।
छठी मइया सभी को स्वस्थ और निरोगी रखें : देवेन्द्र तिवारी
कोरिया भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने छठ महापर्व की जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं, उन्होंने छठी मइया से कामना की कि सभी के जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे और हर व्यक्ति स्वस्थ एवं निरोगी रहे, देवेन्द्र तिवारी ने कहा कि छठ पर्व की महिमा और लोगों की अटूट आस्था के कारण इसका विस्तार लगातार बढ़ रहा है,यह कठिन तपस्या, अनुशासन,समर्पण और अटूट विश्वास का महान पर्व है, उन्होंने सभी व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए छठी मइया से सबके कल्याण की कामना की।
प्रकृति और आस्था का अद्भुत संगम है छठ महापर्व
छठ महापर्व केवल सूर्यदेव की उपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा भी है,इस पर्व में सूर्य,जल,वायु और धरती के प्रति सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, सूर्य की ऊर्जा से जीवन संचालित होता है और जल तथा प्रकृति के अन्य तत्व मानव जीवन के आधार हैं,छठ पूजा में इन्हीं प्राकृतिक शक्तियों के प्रति श्रद्धा और आभार व्यक्त किया जाता है,अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देना और अगले दिन उदीयमान सूर्य की उपासना करना इस पर्व की विशेष परंपरा है,अस्त और उदय, दोनों ही जीवन के महत्वपूर्ण पक्ष हैं,डूबते सूर्य को भी उसी श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है, जिस श्रद्धा से उगते सूर्य की पूजा होती है,यही परंपरा जीवन में निरंतरता,धैर्य और सकारात्मकता का संदेश देती है,पहले बिहार,झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से प्रचलित रहा यह पर्व अब देश के विभिन्न हिस्सों में व्यापक रूप से मनाया जाने लगा है,छत्तीसगढ़ में भी इसकी लोकप्रियता और सामूहिक भागीदारी लगातार दिखाई दे रही है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले अस्त होना और उदय होना ही जीवन है…
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने छठ महापर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अस्त होना और उदय होना ही जीवन का स्वाभाविक क्रम है,डूब चुका सूर्य फिर उदय होता है,यही छठ पर्व की एक बड़ी सीख है,उन्होंने कहा कि यह पर्व मानवीय जीवटता,धैर्य और कठिन तपस्या का प्रतीक है,श्रद्धालु अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए पूरे उत्साह और आस्था के साथ व्रत का पालन करते हैं,उन्होंने कहा कि जीवन में हार नहीं मानकर आगे बढ़ते रहना चाहिए,छठी मईया से उन्होंने प्रदेश के सभी लोगों के सुख,स्वास्थ्य और प्रसन्नता की कामना की।
विधायक भैयालाल राजवाड़े ने दी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं…
बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है,उन्होंने कहा कि छठ पूजा प्रकृति की आराधना का पर्व है और वे भी इस आयोजन में शामिल होकर इस परंपरा का हिस्सा बनना नहीं भूलते,उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख,समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@कांच ही बांस के बहंगिया…छठ गीतों से गूंजते रहे घाट

Share व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य -संवाददाता-अम्बिकापुर,15 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। लोक आस्था …

Leave a Reply