Breaking News

सूरजपुर@ सूरजपुर में महिला थाना का हुआ शुभारंभ…मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया लोकार्पण

Share


एसआई पुष्पा तिर्की बनीं जिले की पहली महिला थाना प्रभारी,महिलाओं को अब अपनी शिकायतों के लिए मिलेगी विशेष सुविधा
-संवाददाता-
सूरजपुर,03 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में सूरजपुर जिले को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है,सोमवार, 02 नवम्बर 2026 को जिले में नवीन महिला थाना का विधिवत शुभारंभ किया गया,महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कोतवाली थाना परिसर में स्थापित महिला थाना का फीता काटकर लोकार्पण किया,इस अवसर पर एसआई पुष्पा तिर्की को जिले के प्रथम महिला थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण कराया गया। महिला थाना खुलने से जिले की महिलाओं को अपनी शिकायतें दर्ज कराना अब आसान होगा, महिला संबंधी अपराधों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई,जांच और विवेचना सुनिश्चित करने में यह थाना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नवीन महिला थाने में थाना प्रभारी सहित आवश्यक पुलिस बल की पदस्थापना भी की गई है,इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी,जिला पंचायत अध्यक्ष चन्द्रमणी पैंकरा,भीमसेन अग्रवाल,भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी,रेडक्रास सोसायटी के चेयरमेन बाबुलाल अग्रवाल,जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजलाल राजवाड़े, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नूतन विश्वास, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने वाला महत्वपूर्ण कदम : मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े-शुभारंभ अवसर पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने महिला थाना की स्थापना को महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया, उन्होंने कहा कि महिला थाना महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम में सहायक होगा, साथ ही पीडि़त महिलाओं को अपनी समस्याएं और शिकायतें सहजता से रखने का अवसर मिलेगा तथा उनकी शिकायतों के त्वरित निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
मंत्री ने रोजनामचा में दर्ज किया शुभकामना संदेश-महिला थाना का लोकार्पण करने के पश्चात मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने थाने के रोजनामचा में शुभकामना संदेश दर्ज किया, उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि नवीन महिला थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने,महिलाओं, बच्चों एवं पीडि़तों को न्याय दिलाने तथा अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महिलाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनेगी पुलिसः पुलिस अधीक्षक-एसपी सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने कहा कि सूरजपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं उनसे जुड़ी शिकायतों के प्रति बेहद संवेदनशील है,महिला थाना प्रारंभ होने से अब महिलाएं सीधे महिला थाने में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगी,यहां महिला थाना प्रभारी एवं महिला पुलिस स्टाफ उनकी समस्याओं को सहजता और संवेदनशीलता के साथ सुनेंगे तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे,उन्होंने कहा कि महिला थाना महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में एक प्रभावी माध्यम बनेगा,कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व काफी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ लोकसंस्कृति का उत्सव,विकास का संकल्प,पंथी-सुआ की थाप पर झूमा कोरिया,राज्योत्सव में गूंजा ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान

Share विधायक भईया लाल राजवाड़े ने किया 26 वें राज्योत्सव का शुभारंभ,कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने …

Leave a Reply