-संवाददाता-
अंबिकापुर,03 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरीकला के टिकरापारा में 40 वर्षीय राजमिस्त्री की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव घर के आंगन में खून से लथपथ मिला। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्मयड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक अंगद चौधरी पिता घूरसाय चौधरी घर में अकेले रहता था। उसकी पत्नी कुछ माह पहले मायके चली गई थी, जबकि अन्य परिजन गांव में ही दूसरे घर में रहते हैं। परिजनों ने सोमवार रात करीब 10 बजे अंगद को घर की ओर जाते देखा था। मंगलवार सुबह उसका शव आंगन में मिला। उसके गले और सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। पुलिस को घर के भीतर टूटी कुर्सी और दीवारों व फर्श पर खून के छींटे मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि हमलावर और अंगद के बीच संघर्ष हुआ होगा। जान बचाने के लिए वह आंगन की ओर भागा होगा। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। हत्या किसने और क्यों की, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur