किसान कल्याण,शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार और अधोसंरचना विकास की उपलब्धियों का किया गया प्रदर्शन

-संवाददाता-
अंबिकापुर,03 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में जिला जनसंपर्क कार्यालय अम्बिकापुर द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी के माध्यम से जिलेवासियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्रदान की गई। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को विस्तारपूर्वक प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं, उनके उद्देश्यों,लाभों और उपलब्धियों से अवगत कराया गया। प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से स्थान दिया गया। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने तथा अब तक 20 हजार 708 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से 13.96 लाख महिलाओं के लखपति दीदी बनने, पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 39.73 लाख महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। कृषक एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3,100 रुपये प्रति मि्ंटल की दर से धान खरीदी और 21 मि्ंटल प्रति एकड़ की सीमा के अंतर्गत 1.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित किए जाने की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से राज्य के 26 लाख किसानों को मिल रहे लाभ, दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत 4 लाख 95 हजार 965 भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता तथा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के हित में संग्रहण दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने और बोनस सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रयासों को रेखांकित
प्रदेश में पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रयासों को रेखांकित करते हुए छत्तीसगढ़ को पर्यटन का उद्योग का दर्जा दिए जाने,डेस्टिनेशन छत्तीसगढ़ अभियान के माध्यम से जनजातीय, विरासत एवं इको टूरिज्म को बढ़ावा देने तथा बस्तर के धुड़मारास गांव को संयुक्त राष्ट्र द्वारा सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किए जाने की उपलब्धि प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही पांच शक्तिपीठों के विकास के लिए पांच करोड़ रुपये के प्रावधान और श्री रामलला दर्शन योजना के तहत 55 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्याधाम की निःशुल्क यात्रा कराए जाने की जानकारी भी दी गई। अधोसंरचना विकास और औद्योगिक निवेश से संबंधित उपलब्धियों में 54 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं,18,215 करोड़ रुपये की लागत वाली 37 सड़क परियोजनाओं तथा 4,146 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन रायपुर-विशाखापट्टनम छह लेन एक्सप्रेस-वे को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। वहीं इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ के अंतर्गत 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होने तथा एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये के प्रावधान और 1,000 करोड़ रुपये की लागत से देश का पहला एआई डेटा सेंटर स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
आवास योजना के तहत 24.54 लाख से अधिक आवासों की स्वीकृति
आवास एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 24.54 लाख से अधिक आवासों की स्वीकृति और 20.75 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण होने की उपलब्धि प्रदर्शित की गई। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 41.50 लाख घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने तथा इसके लिए 4,500 करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी दी गई। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप स्थापना पर 1 लाख 12 हजार रुपये तक की सब्सिडी के प्रावधान को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया। युवा कल्याण, शिक्षा और तकनीकी विकास के क्षेत्र में राज्य के प्रयासों की जानकारी देते हुए 38 नगरीय निकायों में हाईटेक लाइब्रेरी निर्माण,मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन,इनोवेशन हब और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। इसके तहत 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रयास आवासीय विद्यालयों के माध्यम से आईआईटी/आईआईआईटी में 136, एनआईटी में 363 तथा एमबीबीएस में 82 विद्यार्थियों के चयन और 10 जिलों में 2,717 सीटों की उपलब्धता की जानकारी भी साझा की गई। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जनसुलभ बनाने के लिए लागू किए गए 450 से अधिक प्रशासनिक सुधारों,सिंगल विंडो सिस्टम 2.0, ई-ऑफिस,ऑनलाइन पेमेंट,सुगम ऐप और नियो रजिस्ट्रेशन की जानकारी प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही सेवा सेतु डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से 38 विभागों की 948 सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की पहल को भी दर्शाया गया। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत 18 जिलों के 1,544 ग्रामों के लगभग 56 हजार 569 परिवारों को लाभान्वित किए जाने की जानकारी भी प्रदर्शनी में शामिल रही।
जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में ‘आकांक्षा हाट’ बना आकर्षण का केंद्र

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रदर्शनी लगाई गई। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं एवं आजीविका गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।इस अवसर पर नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत लखनपुर द्वारा ‘आकांक्षा हाट’ का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीण महिलाओं एवं स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित गोदना कला की साडि़याँ, हस्तनिर्मित स्टॉल,चाबी के छल्ले,मिट्टी के बर्तन,बाँस की टोकरियां,सूप एवं स्थानीय खाद्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए। आकर्षक हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। लोगों ने महिलाओं की कला एवं कौशल की सराहना करते हुए उत्पादों की खरीदारी भी की। ‘आकांक्षा हाट’ ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता,स्थानीय कला-संस्कृति के संरक्षण एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की एक सराहनीय पहल रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur