केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में किया विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण

रायपुर,03 नवंबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा उपस्थित थे। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश भी दिया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को चिरस्थायी बनाने और भावी पीढि़यों तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प पार्क का निर्माण किया गया है। नवा रायपुर को हरित,स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि सरकार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है। उन्होंने विपक्ष को इस मुद्दे पर बहस में शामिल होने की चुनौती भी दी। अमित शाह ने कांग्रेस पर नक्सलवाद का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने माओवादियों की असंवैधानिक‘जनताना सरकार’का समर्थन किया है। साथ ही,हाल ही में एक नकली संसद का आयोजन कर संसद का मजाक उड़ाया है। शाह नवा रायपुर में राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रदेश की विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया गया।
संसद में दो-दो हाथ करने की चुनौती’
अमित शाह ने कहा…राहुल गांधी में हिम्मत है तो आइए, हाथ में संविधान लेकर घूमने से संविधान का समर्थन नहीं होता। आचरण संवैधानिक होना चाहिए। आपने पार्लियामेंट को रोककर रखा है, पेन में लेकर रखा है। संसद चलने दीजिए,दो-दो हाथ करने दीजिए,देश की जनता को मालूम चल जाएगा कि सच कौन है और झूठ कौन है। अमित शाह ने कहा…कांग्रेस के नेता राहुल गांधी भी नक्सलवाद का समर्थन करते हैं। गैर-संवैधानिक सरकारों का समर्थन करते थे। अभी-अभी उन्होंने नकली संसद बनाकर संसद का भी मखौल उड़ाया। वहां चर्चा का नाटक किया। राहुल जी, मोदी सरकार हर इश्यू पर चर्चा के लिए तैयार है। हम स्पेशल सेशन बुलाकर एसआईआर पर चर्चा के लिए तैयार हैं।
कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से
नक्सलवाद का समर्थन किया
अमित शाह ने कहा… कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से नक्सलवाद का समर्थन किया। 2010 में पी. चिदंबरम ने कहा था कि नक्सलियों को हथियार डालने की जरूरत नहीं है, आपस में सिर्फ बातचीत कीजिए,गोली मत चलाइए। चिदंबरम साहब,इस तरह से हिंसा नहीं रुकती। जिसको भी सरेंडर करना है,वह हथियार डालकर सरेंडर करे। उन्हें हम मेनस्ट्रीम में लाएंगे,नहीं तो हमारे जवान दो-दो हाथ करेंगे।
आदिवासियों के मानवाधिकार पर बोले शाह
अमित शाह ने कहा…नक्सलवाद का समर्थन करने वाले और मानवाधिकारों के नाम पर आवाज उठाने वाले लोगों से पूछना चाहता हूं कि क्या मानवाधिकार हाथ में बंदूक लेकर विकास रोकने के लिए होता है? क्या गरीब आदिवासियों का मानवाधिकार नहीं होता है?
’नक्सलवाद ने छीना बच्चों का बचपन’
अमित शाह ने कहा…जिस धरती पर सांस्कृतिक गलियारा होना था, वहां रेड कॉरिडोर बनाया गया था। जिस जंगल में महुआ, तेंदूपत्ता और लोकगीत निकलने चाहिए थे,वहां बारूदी सुरंगें बिछाई गई थीं। जिस बच्चे के हाथ में कलम होनी चाहिए थी,उसे स्कूल से अगवा कर बंदूकें थमा दी गईं। स्कूल को उड़ा दिया गया। जिस सड़क से विकास का रास्ता बनना था, उसे उड़ा दिया गया। अमित शाह ने कहा…रमन सिंह के नेतृत्व में 15 साल तक विकास के काम हुए, लेकिन उस दौरान केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। नक्सलवाद को खत्म करने की उनकी कोई मंशा नहीं थी। उसी वक्त आदिवासी क्षेत्र के विकास की कल्पना की गई थी, लेकिन वह अधूरी रह गई। आपने फिर से छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की सरकार को हटाकर भाजपा सरकार को मौका दिया। इसके 2 महीने में हमने नक्सल उन्मूलन का संकल्प लिया।
शाह बोले…रायपुर बनेगा पीपल सिटी
शाह ने कहा…वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में रायपुर में 5 लाख पीपल के पौधे लगाए जाएंगे। पीपल सिटी बनने के बाद हमारा रायपुर दुनिया का सबसे बड़ा पर्यावरण मित्र शहर बनने जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग जगहों पर आयोजन हो चुके हैं।
छत्तीसगढ़ की लोककलाओं को दुनिया में पहचान दिलाई
अमित शाह ने कहा…छत्तीसगढ़ की संस्कृति को जीवंत रखने के लिए पंडूम और बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जाता है। करमा,राउत नाचा,पंडवानी जैसी कई लोककलाओं के साथ ढोकरा कला,बेलमेटल,काष्ठ शिल्प और कोसा कला को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। बस्तर दशहरा की 75 दिन चलने वाली अनोखी परंपरा को विष्णुदेव सरकार ने एक नई पहचान दी है। बस्तर पंडूम और बस्तर ओलंपिक के जरिए लाखों युवा अपनी संस्कृति को पुनर्जीवित कर रहे हैं। यहां की वेशभूषा,खानपान और लोकगीतों को पूरी दुनिया में प्रसिद्ध किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के संस्कार-समानता,सेवा और सच्चाई
अमित शाह ने कहा…यह इतने सालों से लिए गए संकल्पों की सिद्धि है। नक्सलमुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया गया था। मोदी जी और विष्णुदेव के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के समर्पण और विकास में बड़ा योगदान देने वाले कई महानुभावों को यहां सम्मानित किया गया। गुरु घासीदास का संदेश और गुरु नानक जी की सेवा का संदेश समानता,सेवा और सच्चाई का है। यही छत्तीसगढ़ के संस्कार हैं। अमित शाह ने कहा…अटल जी ही थे,जिन्होंने 2000 में राज्य की स्थापना की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur