रायपुर के वेंकटेश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में शासन के प्रावधानों के तहत होगा निःशुल्क इलाज-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत शुक्रवार को 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु अस्पताल,जिला चिकित्सालय अंबिकापुर में जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जन्मजात हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों से पीडि़त 60 बच्चों की ईको (ईसीएचओ) जांच की गई। इनमें 23 बच्चों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए चिन्हांकित किया गया है। इनका रायपुर स्थित वेंकटेश मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत निःशुल्क उपचार कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में रायपुर के वेंकटेश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार संबंधी परामर्श दिया। शिविर से पहले जिले के सभी विकासखंडों में संचालित चिरायु दलों ने गंभीर बीमारियों से पीडि़त बच्चों की पहचान की थी। इसके बाद बच्चों और उनके अभिभावकों की काउंसलिंग कर उन्हें जांच के लिए शिविर में बुलाया गया। शिविर में ईको जांच के अलावा आवश्यकता के अनुसार सोनोग्राफी, ईसीजी और एक्स-रे सहित अन्य जांच भी की गईं। बच्चों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। वहीं, विकासखंडों से जिला मुख्यालय तक आने-जाने के लिए परिवहन की व्यवस्था की गई थी। बच्चों और उनके परिजनों के लिए भोजन,नाश्ता सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में सीएमएचओ डॉ. जेएस सरूता, मेडिकल कॉलेज के डॉ. आरसी आर्या,सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ.जेके रेलवानी, वेंकटेश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल रायपुर के हार्ट एवं वैस्कुलर सर्जन डॉ. निशांत सिंह चंदेल,आरबीएसके नोडल अधिकारी डॉ. केपी विश्वकर्मा सहित विवेक चंद्राकर,राकेश प्रजापति,प्रवेल सिंह और विभिन्न विकासखंडों के चिरायु दल के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
18 वर्ष तक के बच्चों का उपचार : राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात विकृतियों, बीमारियों,पोषण संबंधी कमियों और विकासात्मक विलंब की समय रहते पहचान कर उपचार उपलब्ध कराना है। इसके तहत जिले में चिरायु दल नियमित रूप से बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं,ताकि गंभीर बीमारियों की पहचान कर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur