विशुनपुर में महाकाल ढाबा के पास हादसा,चालक समेत चार बच्चे सुरक्षित
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर में महाकाल ढाबा के पास शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। गैस सिलेंडरों से भरी टाटा इंट्रा पिकअप का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे के दौरान वाहन में चालक के साथ चार बच्चे भी सवार थे। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,पिकअप का टायर अचानक फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सडक किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया। इससे मौके पर करंट फैलने का खतरा पैदा हो गया। वाहन में गैस सिलेंडर भरे होने के कारण स्थिति और भी संवेदनशील हो गई थी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिजली आपूर्ति से संबंधित स्थिति को संभाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल के एक ओर पेट्रोल पंप और दूसरी ओर बिजली का खंभा होने से बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। समय रहते सूचना मिलने से संभावित हादसा टल गया। फिलहाल चालक और चारों बच्चे सुरक्षित हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur