खैरबार में वारदात के बाद दो युवक हिरासत में, मृतक गैरेज में करता था काम,हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। खैरबार में करमा खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद शनिवार देर रात एक युवक की हत्या कर दी गई। विवाद के कुछ देर बाद दो युवक कथित तौर पर कुल्हाड़ी लेकर उसके कमरे में पहुंचे और मारपीट के दौरान उसकी गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। मृतक विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा (27) कोरिया जिले के पटना का निवासी था। वह करीब एक वर्ष से अंबिकापुर में मायापुर निवासी रमेश सोनी के साथ गैरेज में काम कर रहा था। थाना चौक के पास संचालित गैरेज को कुछ दिन पहले नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के कारण हटा दिया था। इसके बाद रमेश सोनी ने खैरबार में गैरेज शुरू किया था। विश्वजीत भी वहीं काम करता था और गैरेज के पास बने कमरे में रहता था। शनिवार रात विश्वजीत, खैरबार निवासी आकाश उर्फ चिंटू, आकाश और शनि के साथ गांव में करमा खेलने गया था। इस दौरान किसी बात को लेकर चारों के बीच विवाद हो गया और मारपीट भी हुई। इसके बाद विश्वजीत और शनि वापस गैरेज लौट आए। विश्वजीत अपने कमरे में चला गया। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद आकाश उर्फ चिंटू और आकाश कुल्हाड़ी लेकर उसके कमरे में पहुंचे। वहां दोनों ने विश्वजीत के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों युवक वहां से फरार हो गए। घटना के बाद शनि ने गैरेज संचालक रमेश सोनी को इसकी जानकारी दी। रविवार सुबह मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
इसके बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर शनि के बयान के आधार पर आकाश उर्फ चिंटू और आकाश को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे विवाद की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है और जांच जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur