Breaking News

कोरिया@ कथित प्रताड़ना, पुलिस को पहले से जानकारी और फिर आत्महत्या…आखिर जिम्मेदार कौन?

Share

  • 17 साल की बेटी ने क्यों चुनी मौत? बैकुंठपुर की घटना ने पुलिस, व्यवस्था और परवरिश—तीनों पर खड़े किए बड़े सवाल
  • बेटी की मौत ने छोड़े कई सवाल, क्या समय रहते संवेदनशीलता दिखाई जाती तो बच सकती थी एक जान?
  • चोरी के आरोप से मौत तक : नाबालिग की आत्महत्या ने खोली व्यवस्था की कई परतें…
  • आई-मार्ट विवाद के बाद नाबालिग की आत्महत्या,एफआईआर में गंभीर आरोप, पुलिस की भूमिका भी जांच के घेरे में…
  • बैकुंठपुर की दर्दनाक घटनाः एक बेटी चली गई,अब जवाब मांग रहे हैं कई सवाल
  • क्या हम अपने बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बना पा रहे हैं? बैकुंठपुर की घटना ने झकझोरा समाज…
  • नाबालिग की आत्महत्या,एफआईआर में दुकान संचालकों पर आरोप,पुलिस की भूमिका और परवरिश पर भी उठे सवाल…
  • एक आरोप,कथित प्रताड़ना और खत्म हो गई जिंदगी…बैकुंठपुर की घटना ने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा किया
  • एफआईआर में दुकान संचालकों पर गंभीर आरोप,पुलिस को पहले से जानकारी होने का दावा…
  • घटना ने परिवार,समाज और व्यवस्था-तीनों को आत्ममंथन के लिए किया मजबूर

-रवि सिंह-
कोरिया,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
कोरिया जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय आदिवासी नाबालिग किशोरी की आत्महत्या ने पूरे जिले को झकझोर दिया है,इस मामले में दर्ज एफआईआर ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए है,शिकायतकर्ता ने आई-मार्ट दुकान संचालकों पर मानसिक प्रताड़ना,कथित रूप से धन की मांग,स्कूटी जब्त करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसे आरोप लगाए हैं, वहीं, एफआईआर में यह भी दावा किया गया है कि घटना की जानकारी पुलिस को पहले से थी, पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है,हालांकि, एफआईआर में दर्ज सभी आरोप शिकायतकर्ता के कथन पर आधारित हैं,इनकी पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
क्या है पूरा मामला?- एफआईआर के अनुसार 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी किशोरी बैकुंठपुर स्थित आई-मार्ट दुकान गई थी,आरोप है कि वहां उस पर चोरी का आरोप लगाया गया,शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद उसे कई घंटों तक दुकान में बैठाकर रखा गया और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया,एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि किशोरी से अलग-अलग स्थानों पर हस्ताक्षर कराए गए तथा उससे लिखित रूप में कथित स्वीकारोक्ति भी लिखवाई गई,आरोप है कि उसकी स्कूटी भी दुकान संचालकों ने अपने कब्जे में रख ली।
20 हजार से 50 हजार रुपये तक मांगने का आरोप-शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले लगभग 20 हजार रुपये देने की बात कही गई, बाद में कथित रूप से 50 हजार रुपये तक की मांग की गई, परिवार का कहना है कि इतनी बड़ी राशि तत्काल देना संभव नहीं था,एफआईआर में आरोप है कि राशि जमा होने तक स्कूटी वापस नहीं देने की बात कही गई,इन आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना ने परवरिश और मानसिक मजबूती पर भी खड़े किए सवाल-यह दुखद घटना केवल पुलिस या कथित प्रताड़ना तक सीमित नहीं है,इसने समाज और परिवारों के सामने भी एक बड़ा प्रश्न खड़ा कर दिया है क्या आज हम अपने बच्चों को मानसिक रूप से इतना मजबूत बना पा रहे हैं कि वे कठिन परिस्थितियों का सामना कर सकें? यह कहना उचित नहीं होगा कि किसी एक परिवार की परवरिश इस घटना के लिए जिम्मेदार थी, बिना जांच और प्रमाण के ऐसा निष्कर्ष निकालना गलत होगा,लेकिन यह घटना अवश्य संकेत देती है कि आज के समय में हर परिवार को बच्चों के भावनात्मक और मानसिक स्वास्थ्य पर पहले से कहीं अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है,आज बच्चे पढ़ाई,सामाजिक प्रतिस्पर्धा,सोशल मीडिया,साथियों के दबाव, असफलता के डर और सार्वजनिक अपमान जैसी अनेक चुनौतियों से गुजर रहे हैं,ऐसे में अभिभावकों की जिम्मेदारी केवल अच्छी शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं,बल्कि उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाना भी है,विशेषज्ञ मानते हैं कि बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव,अत्यधिक चुप्पी,अकेले रहने की प्रवृत्ति,तनाव या भय जैसे संकेतों को गंभीरता से लेना चाहिए। परिवार का ऐसा वातावरण होना चाहिए जहां बच्चा बिना डर अपनी हर समस्या साझा कर सके।
समाज के लिए भी बड़ा संदेश-यह घटना समाज को भी यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हम छोटी-छोटी गलतियों या आरोपों को संभालने में संवेदनशील हैं? क्या किसी किशोर के आत्मसम्मान और मानसिक स्थिति का पर्याप्त ध्यान रखा जाता है? यदि किसी नाबालिग पर कोई आरोप हो तो कानून के अनुसार प्रक्रिया अपनाना आवश्यक है। किसी भी प्रकार का सामाजिक या मानसिक दबाव भविष्य में गंभीर परिणाम दे सकता है।
क्या पुलिस को पहले से थी जानकारी?– मामले का सबसे संवेदनशील पहलू यह है कि एफआईआर में दावा किया गया है कि पुलिस को घटना की जानकारी पहले ही हो चुकी थी,शिकायतकर्ता के अनुसार पुलिस लाइन में पदस्थ एक आरक्षक दुकान भी पहुंचे थे और दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी हुई थी, यदि जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है,तो यह भी जांच का विषय होगा कि उस समय नाबालिग की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को लेकर क्या कदम उठाए गए, इसी कारण अब पुलिस की भूमिका भी जांच के केंद्र में है।
अगले दिन घर में फांसी लगाकर दी जान– एफआईआर के अनुसार 8 जुलाई 2026 की दोपहर लगभग 1ः30 बजे नाबालिग किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली,परिजनों का आरोप है कि दुकान में हुई कथित प्रताड़ना,सामाजिक अपमान और मानसिक दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया,पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला– शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 107, 308(2),309(4) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है, आगे की कार्रवाई विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
दुकान संचालकों की भूमिका भी जांच के घेरे में…– यदि किसी व्यक्ति पर चोरी का संदेह होता है तो उसकी जांच करना पुलिस का अधिकार क्षेत्र है,किसी नाबालिग को लंबे समय तक बैठाकर रखना,कथित रूप से दबाव बनाना या आर्थिक मांग करना यदि जांच में सिद्ध होता है तो यह गंभीर कानूनी विषय हो सकता है, यही कारण है कि अब पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी उठे प्रश्न– एफआईआर में लगाए गए आरोपों के बाद यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि यदि पुलिस को पहले से मामले की जानकारी थी,तो क्या समय रहते संवेदनशील हस्तक्षेप किया जा सकता था? हालांकि,इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
निगरानी नहीं, संवाद की जरूरत- अभिभावकों को बच्चों की दिनचर्या,मित्रों,मानसिक स्थिति और व्यवहार पर संवेदनशील नजर रखनी चाहिए, केवल नियंत्रण नहीं, बल्कि विश्वास, संवाद और भावनात्मक सहयोग सबसे बड़ी जरूरत है, बच्चों को यह भरोसा होना चाहिए कि जीवन में कोई भी समस्या इतनी बड़ी नहीं होती जिसका समाधान न हो।
निष्पक्ष जांच की मांग…
नाबालिग के साथ दुकान में वास्तव में क्या हुआ?
क्या कथित रूप से धन की मांग की गई?
क्या मानसिक प्रताड़ना दी गई?
पुलिस को कब जानकारी मिली?
यदि जानकारी थी तो क्या कार्रवाई की गई?
आत्महत्या तक पहुंचने वाली परिस्थितियों के लिए कौन जिम्मेदार है?

अब जांच पर टिकी हैं निगाहें…– यह मामला केवल एक आपराधिक प्रकरण नहीं,बल्कि समाज,परिवार और व्यवस्था—तीनों के लिए गंभीर आत्ममंथन का विषय बन चुका है, पुलिस विवेचना से ही यह स्पष्ट होगा कि एफआईआर में लगाए गए आरोप कितने सही हैं और इस दुखद घटना के लिए किन परिस्थितियों और किन लोगों की जिम्मेदारी बनती है,एक 17 वर्षीय किशोरी की मौत ने यह संदेश अवश्य दिया है कि बच्चों को केवल पढ़ाना ही पर्याप्त नहीं,बल्कि उन्हें मानसिक रूप से मजबूत, संवादशील और जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करना भी परिवार,समाज और संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ स्वस्तिक ढाबा में जुए पर पुलिस का छापा

Share ..8 जुआरी गिरफ्तार,8 लाख से अधिक का मशरुका जब्त-संवाददाता-अम्बिकापुर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस …

Leave a Reply