सीएम कार्यालय व बिजली कंपनी को भेजी शिकायत, एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
–संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगवां सब स्टेशन से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से प्रतिदिन 7 से 8 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे भीषण गर्मी में जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है। मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन इसके बाद भी अघोषित कटौती जारी रहती है। इससे किसानों की सिंचाई, विद्यार्थियों की पढ़ाई, छोटे व्यापारियों का कारोबार और घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के वरिष्ठ अधिकारियों और मुख्यमंत्री कार्यालय को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। उन्होंने मांग की है कि सरगवां सब स्टेशन क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और अनावश्यक कटौती बंद नहीं हुई तो वे शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur