
अम्बिकापुर,17 मार्च 2022(घटती-घटना)। होली का त्योहार शुक्रवार को हर्षोउल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। 18 मार्च को होली है व इसी दिन शब-ए-बारात भी है वहीं शुक्रवार को ईस्टर पर्व भी मनाया जाएगा। इस हेतु शहर सहित जिले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के मद्देनजर पुलिस विभाग द्वारा पुलिस बल को कर्तव्यस्थ किया गया है। जिसमें शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर 34 फिक्स विकेट लगाए गए हैं । इसके साथ ही साथ शहर को 3 जोन एवं 9 सेक्टरों में विभक्त करके पेट्रोलिंग व्यवस्था लगाई गई है। साथ ही साथ एक पेट्रोलिंग महिला बल का रहेगा जो सिर्फ महिलाओं एवं बालिकाओं के किसी विपरीत परिस्थिति उत्पन्न होने पर आई सूचना के बाद कार्रवाई करना सुनिश्चित करेगा। इसी के साथ शबे-ए-बारात पर्व की व्यवस्था हेतु कब्रिस्तान के पास भी ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान दो त्वरित कार्य बल का भी गठन किया गया है, जो आपात स्थिति में कार्यवाही करेगी। जिले के अन्य थानों को भी विशेष निर्देश जारी किया गया है एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को भी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करके सुरक्षा व्यवस्था बनाए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
शहर में निकाली गई फ्लैग मार्च
सरगुजा पुलिस ने आम जनता से होली पर्व शांति सौहार्द एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है। किसी प्रकार की हुल्लड़ बाजी एवं लड़ाई झगड़ा की सूचना आने पर पुलिस द्वारा कड़ी कार्यवाही की जाएगी। आम जनता से यह भी अपील है कि तीन सवारी दोपहिया वाहनों को ना चलाएं, चार पहिया वाहन को भी सुरक्षा मापदंडों के अनुरूप चलाएं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुखवते को भी प्रतिबंधित किया गया है। केमिकल युक्त रंगों का भी उपयोग प्रतिबंधित किया गया है। इस प्रकार आम जनता दूसरे समुदायों का भी ख्याल रखते हुए शबे -बरात एवं ईस्टर पर्व पर भी शांतिपूर्ण पर्व को मनाए तथा किसी प्रकार की गुंडागर्दी या हुल्लड़ बाजी ना करें। होली से पूर्व सरगुजा पुलिस द्वारा शाम 4 बजे शहर में फ्लैग मार्च निकाल कर कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur