Breaking News

सोनहत@आस्था पर प्रहार करने वाले ‘घंटा चोर’ चढ़े पुलिस के हत्थे…सोनहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share


सोनहत के शिव मंदिर और झरिया मंदिर से हुई थी पीतल के घंटों की चोरी
-संवाददाता-
सोनहत,14 मार्च 2026 (घटती-घटना)।
मंदिरों की शांति और श्रद्धा को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों के मंसूबों पर आखिरकार सोनहत पुलिस ने पानी फेर दिया है,क्षेत्र के प्रसिद्ध शिव मंदिर और झरिया स्थित मंदिर से घंटों की चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने न केवल सोनहत बल्कि आसपास के क्षेत्रों के मंदिरों में भी चोरी करने की बात स्वीकार की है। मंदिरों से घंटों की चोरी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं में काफी आक्रोश था, लोगों ने इसे आस्था पर सीधा प्रहार बताया था और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्परता से कार्रवाई की और कुछ ही दिनों में आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल कर ली।
क्या था पूरा मामला- प्रकरण का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी चन्द्रप्रकाश साहू ने थाना सोनहत में रिपोर्ट दर्ज कराई,उन्होंने बताया कि 4 मार्च 2026 की दरमियानी रात हार्टमेंट कॉलोनी स्थित शिव मंदिर और झरिया शिव मंदिर से अज्ञात चोरों ने पीतल के भारी भरकम घंटे और घंटियां चोरी कर लीं,चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 8 हजार रुपये बताई गई है,चोरों ने मंदिर में लगे घंटों को रॉड से काटकर निकाला था। सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे तो मंदिर से घंटे गायब मिले, जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई, मंदिर से घंटों की चोरी को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी थी,क्योंकि यह केवल चोरी का मामला नहीं बल्कि लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई- मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रविकुमार कुर्रे,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे और उप पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में सोनहत पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया, टीम ने आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू की, संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध युवकों के बारे में जानकारी मिली, सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में पहले तो वे पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे,लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर अंततः उन्होंने मंदिरों से घंटों की चोरी करना स्वीकार कर लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनके नाम इस प्रकार हैं…
– विनोद कुमार देवांगन उर्फ भोलू
पिता – मनीराम देवांगन
निवासी – धुम्माडाड़
– साहिल कुमार मानिकपुरी उर्फ सोनू
पिता – रामधन मानिकपुरी
निवासी – तहसील रोड, सोनहत
-सुमित कुमार मानिकपुरी
पिता – संतोष मानिकपुरी
निवासी – सोनहत पूछताछ में आरोपियों ने मंदिरों से घंटों की चोरी करना स्वीकार किया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी- पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ड्ड) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है, 14 मार्च 2026 को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका- इस पूरे मामले का खुलासा करने और आरोपियों को पकड़ने में सोनहत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, इस कार्रवाई में विशेष रूप से थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पासवान, उप निरीक्षक राजाराम राठिया, एएसआई हेमपाल सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र कुमार गुप्ता, आरक्षक निखलेश राजवाड़े, शंकर सुमन तिवारी, विमल जायसवाल का विशेष योगदान रहा।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply