- नगर पंचायत पटना का पहला साल, विकास की धीमी चाल,भ्रष्टाचार का बड़ा बवाल
- एक साल में नगर पंचायत का सफर…विकास कम, विवाद ज्यादा
- नगर बना पटना, पर विकास अभी भी रास्ता तलाश रहा
- भ्रष्टाचार, निलंबन और नए अधिकारी के बीच गुजर गया पटना नगर पंचायत का पहला साल
- पहला सालः फाइलों में विकास, सुर्खियों में भ्रष्टाचार
-रवि सिंह-
कोरिया/पटना,09 मार्च 2026 (घटती-घटना)। ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बनने का सपना पटना के लोगों ने वर्षों तक देखा था,मंचों पर मांग उठी,नेताओं के सामने गुहार लगी और अधिकारियों के सामने विकास का खाका रखा गया, लोगों को विश्वास था कि जैसे ही पटना को नगर पंचायत का दर्जा मिलेगा,वैसे ही विकास की गाड़ी रफ्तार पकड़ लेगी और क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी, आखिरकार वह दिन भी आया जब पटना को नगर पंचायत का दर्जा मिला और पहली बार जनप्रतिनिधि चुने गए। शपथ ग्रहण हुआ,भाषण हुए और विकास के बड़े-बड़े संकल्प लिए गए,लेकिन अब जब उस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण को एक साल पूरा हो चुका है,तो नगर पंचायत के पहले वर्ष की कहानी कुछ अलग ही अंदाज में सामने आती है। यह साल विकास की उपलब्धियों से ज्यादा भ्रष्टाचार के आरोपों,प्रशासनिक टकराव और आखिरकार अधिकारी के निलंबन के लिए चर्चा में रहा, कह सकते हैं कि पटना नगर पंचायत का पहला साल विकास की धीमी चाल और विवादों की तेज चाल के बीच झूलता रहा।
चार साल बाकी…अब असली परीक्षा
नगर पंचायत पटना के पांच साल के कार्यकाल में से एक साल गुजर चुका है,पहला साल विवादों,प्रशासनिक खींचतान व भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच बीत गया,अब आने वाले चार वर्ष यह तय करेंगे कि पटना नगर पंचायत वास्तव में विकास की राह पर आगे बढ़ेगा या फिर यह नगर पंचायत केवल कागजों में योजनाओं और फाइलों का नगर बनकर रह जाएगा, नगर के लोगों को अभी भी उम्मीद है कि जिस नगर पंचायत को पाने के लिए उन्होंने वर्षों तक संघर्ष किया, वह केवल नाम का नगर नहीं बल्कि विकास का उदाहरण बनेगा, और शायद आने वाले वर्षों में लोग यह कह सकें-पटना सिर्फ नगर पंचायत नहीं बना,बल्कि सचमुच नगर बन गया।
नए अधिकारी से नई उम्मीद
भ्रष्टाचार के आरोपों और निलंबन की घटनाओं के बाद अब नगर पंचायत पटना को नया मुख्य नगर पालिका अधिकारी मिल चुका है, नए अधिकारी की पदस्थापना के साथ ही नगर में एक बार फिर उम्मीद की किरण दिखाई देने लगी है, जनप्रतिनिधियों का कहना है कि अब नगर के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी और योजनाओं को तेजी से लागू किया जाएगा, नगर पंचायत अध्यक्ष का भी कहना है कि पहला वर्ष चुनौतियों से भरा रहा, लेकिन आने वाले चार वर्षों में नगर के विकास को नई दिशा दी जाएगी।
नगर बनने का सपना और जमीनी हकीकत
पटना क्षेत्र को नगर पंचायत बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही थी, ग्रामीणों का मानना था कि ग्राम पंचायत की सीमाओं में विकास की संभावनाएँ सीमित हैं और नगर पंचायत बनने से क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी,जब यह सपना पूरा हुआ तो लोगों ने उम्मीद की कि अब पटना भी विकास की मुख्यधारा में शामिल हो जाएगा, लेकिन पहले साल की हकीकत ने लोगों को यह एहसास जरूर कराया कि नगर पंचायत बनना आसान है, मगर नगर जैसा विकास होना उतना आसान नहीं।
विकास की शुरुआत-धीमी मगर दिखाई दी…
नगर पंचायत के पहले वर्ष में विकास पूरी तरह रुका रहा,ऐसा कहना भी गलत होगा,इन एक वर्षों में नगर की कुछ सड़कों का मरम्मत और कायाकल्प हुआ,सफाई व्यवस्था में कुछ सुधार नजर आया,वार्ड स्तर पर पार्षदों ने लोगों की समस्याओं को सुना और हल करने की कोशिश की, नगरवासियों का कहना है कि कई मामलों में पार्षदों की सक्रियता से लोगों को राहत मिली और उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के लिए ज्यादा भागदौड़ नहीं करनी पड़ी,फिर भी लोगों का मानना है कि नगर पंचायत बनने के बाद जितनी तेजी से विकास होना चाहिए था,वह रफ्तार अभी दिखाई नहीं दे पाई।
भ्रष्टाचार की परछाई में पहला साल
नगर पंचायत पटना के पहले वर्ष की सबसे चर्चित घटना रही पहले पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप,नगर में चर्चा रही कि विकास कार्यों के लिए आने वाली राशि का सही उपयोग नहीं हो रहा है और कई मामलों में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं,इन आरोपों ने नगर पंचायत के कामकाज को भी प्रभावित किया और जनप्रतिनिधियों के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी,नगर में लोग तंज कसते हुए कहते भी नजर आए-नगर पंचायत नई बनी है,लेकिन भ्रष्टाचार का अनुभव शायद पुराना था।
अध्यक्ष और सीएमओ के बीच तालमेल की कमी
नगर पंचायत पटना के पहले वर्ष की एक और चर्चा रही निर्वाचित अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी के बीच तालमेल की कमी, विकास कार्यों को लेकर दोनों के बीच मतभेद सामने आते रहे। कई बार फाइलों के अटकने और योजनाओं के धीमे क्रियान्वयन की बातें भी सामने आईं,नगर के जानकारों का कहना है कि यदि प्रशासनिक और राजनीतिक नेतृत्व के बीच बेहतर तालमेल होता तो शायद विकास की रफ्तार कुछ और होती।
जनप्रतिनिधियों का विरोध और अधिकारी का निलंबन
भ्रष्टाचार के आरोपों और बढ़ते विवादों के बीच नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे को उठाया और कार्रवाई की मांग की, आखिरकार स्थिति ऐसी बनी कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई हुई और उन्हें निलंबित कर दिया गया,नगर में इस घटना को लेकर काफी चर्चा हुई। कई लोगों ने इसे जनप्रतिनिधियों की सक्रियता का परिणाम बताया,तो कुछ लोगों ने इसे प्रशासनिक व्यवस्था की कमजोरी का उदाहरण भी कहा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur