जल्द होगी ओपन शतरंज प्रतियोगिता
पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी की अध्यक्षता में बैठक, जिला शतरंज संघ के गठन का निर्णय
चिरमिरी,07 मार्च 2026(घटती-घटना)। नवगठित जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) में शतरंज खेल को बढ़ावा देने और प्रतिभावान खिलाडि़यों को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी उद्देश्य से चिरमिरी के हल्दीबाड़ी स्थित होटल मातृछाया में अंचल के वरिष्ठ शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथ मनियम (बिच्छू भैया) की विशेष उपस्थिति तथा चिरमिरी के पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई,बैठक में नगर के वरिष्ठ खिलाडि़यों,खेलप्रेमियों तथा शतरंज के प्रति रुचि रखने वाले युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चर्चा के दौरान सर्वसम्मति से एमसीबी जिला शतरंज संघ के गठन का निर्णय लिया गया, ताकि जिले में शतरंज खेल को संगठित रूप से बढ़ावा दिया जा सके।
प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
बैठक में यह तय किया गया कि नवगठित जिला शतरंज संघ का मुख्य उद्देश्य जिले के विभिन्न क्षेत्रों से शतरंज के जानकारों और खिलाडि़यों को जोड़ना तथा क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाडि़यों को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना होगा,संघ के माध्यम से नियमित रूप से प्रशिक्षण शिविर,मार्गदर्शन सत्र तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवा खिलाडि़यों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके।
जल्द होगी ओपन शतरंज प्रतियोगिता
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही नगर स्तर पर एक ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे,आयोजन समिति का उद्देश्य इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाडि़यों की पहचान करना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
शतरंज मानसिक विकास का माध्यम
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ खिलाड़ी मंतोष गांगुली और अमित विश्वास ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं बल्कि धैर्य,रणनीति और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है,उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से चिरमिरी सहित पूरे एमसीबी जिले में शतरंज गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी, उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से जिले में शतरंज को संगठित रूप देने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी,जिसे अब इस पहल के माध्यम से मूर्त रूप दिया जा रहा है।
युवाओं से सहभागिता की अपील
आयोजन समिति ने जिले के युवाओं,अभिभावकों और खेलप्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और शतरंज जैसे बौद्धिक खेलों को बढ़ावा दें, इससे युवाओं में धैर्य, एकाग्रता और निर्णय क्षमता का विकास होगा।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
बैठक में वरिष्ठ खिलाड़ी विश्वनाथ मनियम (बिच्छू भैया),पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी,पूर्व सभापति श्रीमती गायत्री बिरहा,मंतोष गांगुली,अमित विश्वास, राणा दास,पार्षद राहुल भाई पटेल,श्रीमती नीता डे,रवि बिरहा,प्रदीप प्रजापति,विश्वजीत दासगुप्ता,शुभम सालूजा,इसरार मोहम्मद,राजा रोहिदास सहित कई खेलप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur