


- खाली कुर्सियां गूंजती रहीं,रायपुर रहा शांत — सहज स्वभाव ने थामे रखा मामला?
- मंच पर टिप्पणी,गलियारों में खामोशी — घूघरा विवाद क्यों नहीं हुआ गर्म?
- घूघरा की चूक पर सियासत शांत, क्या CM और उनकी धर्मपत्नी की सादगी बनी ढाल?
- खाली कुर्सियां बनीं हेडलाइन, लेकिन रायपुर में सन्नाटा क्यों?
- तेवर सख्त होते तो क्या बदल जाती तस्वीर? घूघरा मामला अब भी ठंडा
- मंच पर व्यंग्य, सत्ता में मौन — घूघरा कार्यक्रम की गूंज दब गई क्या?
- खामोश नेतृत्व या प्रशासन की राहत? घूघरा की चूक पर नहीं गिरी गाज
- टिप्पणी बड़ी थी, प्रतिक्रिया छोटी — रायपुर के गलियारों में क्यों पसरा सन्नाटा?
- “जो अंत तक टिका रहता है” — घूघरा के मंच से निकली एक लाइन और प्रशासनिक ‘शो मैनेजमेंट’ की खुल गई परतें
-जिला प्रतिनिधि-
कोरिया,11 फरवरी 2026(घटती-घटना)। कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम घूघरा में आयोजित जंगल कैफे उद्घाटन कार्यक्रम अब विकास से ज्यादा प्रशासनिक चूक और ‘मैनेजमेंट की कहानी’बन चुका है,मंच सजा था,बैनर चमक रहे थे, स्वागत में कोई कमी नहीं थी-लेकिन जैसे ही मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी उदबोधन देने खड़ी हुईं,सामने खाली कुर्सियों की कतारें जैसे पूरे आयोजन का सच बयान करने लगीं,और फिर मंच से निकली एक पंक्ति-जो अंत तक टिका रहता है वही कुछ पाता है-ने प्रशासनिक तैयारी पर ऐसा व्यंग्य किया कि पूरा कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया।
बता की घूघरा के मंच पर जो दृश्य दिखा,उसके बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही तैर रहा है कि क्या इस पूरे मामले की जवाबदेही तय होगी या फिर यह भी बाकी सरकारी आयोजनों की तरह फाइलों के बीच दबकर रह जाएगा,क्योंकि जिस कार्यक्रम में यह चूक हुई, उसमें जिला कलेक्टर स्वयं मौजूद थीं और पूरी व्यवस्थाओं की कमान भी प्रशासन के हाथ में ही मानी जा रही थी, ऐसे में स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि अगर संख्याबल और प्रोटोकॉल की इतनी बड़ी चूक हुई,तो जिम्मेदारी तय होना स्वाभाविक है, प्रशासनिक जानकारों की मानें तो किसी भी वीआईपी विजिट में सबसे बड़ी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और विशेष तौर पर कलेक्टर की होती है। मंच,सुरक्षा, समय प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण-ये सभी बिंदु सीधे कलेक्टर की निगरानी में आते हैं। ऐसे में जब मुख्य अतिथि के सामने खाली कुर्सियां नजर आएं और मंच से ही इस पर टिप्पणी हो जाए, तो इसे केवल संयोग कहकर नजर अंदाज करना आसान नहीं होता,हालांकि अभी तक शासन स्तर से किसी औपचारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है,लेकिन यह जरूर कहा जा रहा है कि यदि रायपुर तक रिपोर्ट पहुंची तो स्पष्टीकरण मांगा जाना तय माना जा सकता है।
आयोजनों में “भीड़ दिखाओ” की परंपरा तो पुरानी, लेकिन “भीड़ टिकाओ” की जिम्मेदारी नजरअंदाज कैसे- व्यंग्य यह है कि जिस आयोजन को उपलब्धियों का प्रदर्शन बनाकर पेश किया गया, वही अब प्रशासनिक समीक्षा का कारण बनता दिख रहा है, सवाल उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ समय प्रबंधन की चूक थी, या फिर भीड़ जुटाने की पूरी रणनीति ही कागजी साबित हो गई? पंचायतों को जिम्मेदारी, महिला समूहों को लक्ष्य और प्रशासन की सक्रियता — सब कुछ होने के बावजूद मंच के सामने खालीपन आखिर किसकी विफलता है? राजनीतिक गलियारों में यह भी कहा जा रहा है कि बड़े आयोजनों में “भीड़ दिखाओ” की परंपरा तो पुरानी है, लेकिन “भीड़ टिकाओ” की जिम्मेदारी अक्सर नजरअंदाज हो जाती है, घूघरा का कार्यक्रम भी शायद इसी जल्दबाजी का शिकार बन गया — उद्घाटन तक सब ठीक, लेकिन भाषण के वक्त व्यवस्था की असल तस्वीर सामने आ गई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी ने इस पर मंच के बाद कोई औपचारिक नाराजगी जताई या नहीं, लेकिन उनका एक वाक्य ही प्रशासन के लिए आईना बन गया, अब देखना यह होगा कि शासन इस पूरे घटनाक्रम को सिर्फ एक साधारण आयोजन की कमजोरी मानता है या इसे प्रोटोकॉल की गंभीर चूक समझकर जिम्मेदारी तय करता है, क्योंकि सवाल सिर्फ खाली कुर्सियों का नहीं है — सवाल उस व्यवस्था का है, जहां मंच पर सब कुछ चमकदार दिखता है, लेकिन असली परीक्षा तब होती है जब माइक चालू होता है और सामने जनता मौजूद रहती हैज् या नहीं रहती।
निजी आयोजन का नाम, सरकारी व्यवस्था का काम- कागजों में कार्यक्रम को महिला समूह संगठन का बताया गया, लेकिन मंच से लेकर भीड़ जुटाने तक हर व्यवस्था प्रशासनिक नियंत्रण में दिखाई दी, स्थानीय चर्चाओं में इसे जिला प्रशासन द्वारा तैयार किया गया शो बताया जा रहा है, जहां उद्देश्य सिर्फ जंगल कैफे का उद्घाटन नहीं, बल्कि जिले की उपलब्धियों को प्रदेश नेतृत्व तक दिखाना था, कलेक्टर की सक्रियता, स्वागत से लेकर विदाई तक की भागदौड़ और मंच संचालन की पूरी कमान प्रशासन के हाथ में होने से यह सवाल उठना लाजिमी हो गया — अगर सब कुछ प्रशासन का था, तो फिर भीड़ प्रबंधन में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई?
सहज स्वभाव ने थामे रखी सियासी गर्मी?- राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी तेज है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी दोनों ही अपने शांत और सहज स्वभाव के लिए जाने जाते हैं, शायद यही वजह है कि घूघरा के कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें और मंच से निकली टिप्पणी के बावजूद मामला अभी तक रायपुर के गलियारों में ज्यादा गरमाता नजर नहीं आ रहा, स्थानीय विश्लेषकों का कहना है कि यदि किसी सख्त तेवर वाले नेतृत्व के दौर में ऐसी स्थिति बनती, तो प्रशासनिक स्तर पर तत्काल जवाबदेही तय होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता था, हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी नाराजगी या कार्रवाई का संकेत सामने नहीं आया है, लेकिन यह जरूर कहा जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व की संयमित प्रतिक्रिया ने फिलहाल माहौल को शांत बनाए रखा है। व्यंग्य यह है कि मंच पर खाली कुर्सियां चर्चा में जरूर रहीं, पर सत्ता के गलियारों में सन्नाटा उतना ही कायम दिखा — मानो मामला “देखो और आगे बढ़ो” की नीति पर छोड़ दिया गया हो।
संख्याबल का गणित और खाली कुर्सियों की सच्चाई- सूत्र बताते हैं कि कार्यक्रम में भीड़ सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों को जिम्मेदारी दी गई थी, महिला स्व-सहायता समूहों से महिलाओं को लाने के निर्देश भी दिए गए थे, शुरुआत में भीड़ ठीक-ठाक रही, लेकिन मुख्य अतिथि के आगमन में देरी और लंबा इंतजार ग्रामीणों के धैर्य पर भारी पड़ गया, धीरे-धीरे कुर्सियां खाली होती गईं और जब भाषण का वक्त आया तो मंच के सामने का दृश्य प्रशासनिक ‘प्लानिंग’ पर सवाल खड़ा कर गया, व्यंग्य यही है कि सरकारी आयोजनों में अक्सर कुर्सियां कम पड़ जाती हैं, लेकिन यहां कुर्सियां ज्यादा और लोग कम पड़ गए।
कलेक्टर की मौजूदगी और जिम्मेदारी का सवाल- कार्यक्रम में कलेक्टर स्वयं मौजूद थीं, ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह पूरी चूक केवल आयोजक संस्था की थी या प्रशासन की भी जिम्मेदारी बनती है? प्रशासनिक परंपरा में वीआईपी विजिट की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होती है, अगर मुख्य अतिथि के सामने खाली कुर्सियां दिखें और मंच से इस पर टिप्पणी हो जाए, तो इसे सिर्फ संयोग कहकर टालना आसान नहीं होता, हालांकि अभी तक किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चर्चाओं में यह जरूर कहा जा रहा है कि यदि शासन स्तर पर संज्ञान लिया गया तो जवाबदेही तय हो सकती है।
उपलब्धि दिखाने की जल्दबाजी या रणनीतिक आयोजन?- जंगल कैफे को डीएमएफ मद से तैयार किया गया है और इसे जिले की उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया, आलोचक सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह आयोजन विकास से ज्यादा छवि निर्माण का मंच था? स्वागत और मंच सजावट में प्रशासन की पूरी ताकत दिखी, लेकिन समय प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण में वही मजबूती नजर नहीं आई, ऐसा लगा मानो पूरा कार्यक्रम ‘फोटो फ्रेम’ के लिए बनाया गया था — जहां कैमरे के सामने सब कुछ परफेक्ट दिखे, लेकिन भाषण के वक्त वास्तविकता सामने आ जाए।
डीएमएफ मद पर भी उठे तंज- घूघरा का जंगल कैफे डीएमएफ मद से बना है, जिसे पर्यटन और महिला सशक्तिकरण से जोड़कर प्रचारित किया गया। मगर जिले में पहले से डीएमएफ मद के उपयोग को लेकर उठते सवालों के बीच इस उद्घाटन को कुछ लोग ‘क्लीन चिट अभियान’ भी बता रहे हैं, आलोचकों का कहना है कि महिला समूहों का कंधा इस्तेमाल हुआ और निशाना प्रशासनिक उपलब्धि दिखाने का रहा। हालांकि प्रशासन की ओर से इसे विकास की पहल बताया गया है।
सोशल मीडिया बना आईना- कार्यक्रम खत्म होते ही खाली कुर्सियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। पूर्व विधायक की पोस्ट ने भी संख्याबल पर सवाल उठाकर मामले को और हवा दे दी, लोगों के बीच यह चर्चा है कि अगर हर पंचायत से महिलाओं को लाने का लक्ष्य तय था, तो आखिर भीड़ अंत तक क्यों नहीं टिक सकी? क्या इंतजार ज्यादा लंबा था या कार्यक्रम में आकर्षण कम?
क्या गिरेगी कार्रवाई की गाज?- अब सबसे बड़ा सवाल यही है — क्या इस चूक की जिम्मेदारी तय होगी? प्रशासनिक जानकारों के मुताबिक, केवल भीड़ कम होने से तुरंत दंडात्मक कार्रवाई होना तय नहीं होता। लेकिन अगर शासन इसे प्रोटोकॉल की गंभीर चूक मानता है, तो स्पष्टीकरण या समीक्षा संभव है, यानी अभी फैसला नहीं हुआ है, लेकिन यह घटना प्रशासनिक फाइलों में नोट जरूर हो सकती है।
व्यंग्यात्मक सच — मंच सजा था, पर दर्शक गायब- घूघरा का यह आयोजन एक अजीब विरोधाभास छोड़ गया — मंच पर विकास की बातें थीं, लेकिन सामने विकास सुनने वाले लोग नहीं थे। स्वागत में गर्मजोशी थी, पर भाषण के वक्त खालीपन भी उतना ही साफ दिखा, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी का वाक्य अब इस आयोजन की पहचान बन चुका है —”जो अंत तक टिका रहता है वही कुछ पाता है।” और शायद इस बार यह लाइन सिर्फ जनता के लिए नहीं, बल्कि प्रशासन के लिए भी एक संदेश बन गई — कि सरकारी शो तभी सफल होता है जब जनता अंत तक साथ रहे, वरना खाली कुर्सियां ही सबसे बड़ी हेडलाइन बन जाती हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur