Breaking News

बैकुंठपुर@सामूहिक विवाह में विधायक के सवालों से मचा हड़कंप,आंगनबाड़ी की भूमिका पर उठी नई बहस

Share

  • क्या तय होती हैं जोडि़यां? सामूहिक विवाह मंच से विधायक के सवालों ने चौंकाया
  • गायत्री मंदिर में विवाह, मंच से उठे सवाल-प्रक्रिया पर खड़े हुए नए प्रश्न
  • विधायक के तीखे सवालों से घिरा सामूहिक विवाह आयोजन,विभागीय व्यवस्था चर्चा में
  • लक्ष्य पूर्ति या सामाजिक योजना? विधायक के सवालों ने बढ़ाई पारदर्शिता की मांग
  • सामूहिक विवाह में सब कुछ तय? विधायक के सवालों से सन्न रह गया पंडाल
  • आंगनबाड़ी की भूमिका पर उठे प्रश्न,विधायक की पूछताछ से गरमाया माहौल
  • विवाह मंच पर सवाल ही सवाल-क्या व्यवस्था पर उठी शंका या सिर्फ जिज्ञासा?

-जिला प्रतिनिधित-
बैकुंठपुर,11 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वर्ष 2026 के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम उस समय चर्चा का केंद्र बन गया,जब नगर पटना स्थित गायत्री मंदिर में आयोजित विवाह समारोह के दौरान बैकुंठपुर विधायक ने वर-वधुओं से कुछ ऐसे सवाल पूछ लिए,जिनसे पूरे आयोजन की प्रक्रिया,पारदर्शिता और जमीनी स्तर पर काम करने वाली व्यवस्था को लेकर नई जिज्ञासाएं खड़ी हो गईं,कार्यक्रम भले ही धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ,लेकिन बैकुण्ठपुर विधायक के सवालों ने वहां मौजूद लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या सामूहिक विवाह योजना केवल सामाजिक सहयोग का माध्यम है या इसके पीछे कुछ ऐसी व्यवस्थाएं भी हैं जो आमजन की जानकारी से परे हैं।
विधायक के सवालों ने चौंकाया,मंच पर छाया सन्नाटा
जानकारी के अनुसार,विवाह स्थल पर पहुंचे बैकुण्ठपुर विधायक ने युवक-युवतियों से सीधे संवाद करने का प्रयास किया,उन्होंने पूछा कि क्या सभी जोड़े आपसी सहमति और पारिवारिक निर्णय से विवाह कर रहे हैं,क्या वे पहले से एक-दूसरे को जानते हैं,और क्या किसी स्तर पर उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं या विभागीय व्यवस्था के माध्यम से चयनित किया गया है,इन सवालों के दौरान अधिकांश नवदंपति अपने वैवाहिक अनुष्ठानों और नए जीवन की शुरुआत में व्यस्त नजर आए और किसी ने स्पष्ट रूप से प्रतिक्रिया नहीं दी, विधायक ने बार-बार प्रश्न दोहराए,लेकिन जवाब न मिलने पर खुद ही शांत हो गए, हालांकि उनके सवालों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया।
क्या लक्ष्य पूर्ति का दबाव बन रहा है चर्चा का विषय?- विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों के बाद स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठने लगा कि कहीं सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में संख्या पूरी करने का दबाव तो नहीं होता, कुछ लोगों का कहना है कि योजनाओं के लक्ष्य निर्धारित होने के कारण निचले स्तर पर कार्यकर्ताओं पर ज्यादा प्रयास करने का दबाव रहता है, जिससे चयन प्रक्रिया को लेकर शंकाएं पैदा हो सकती हैं, हालांकि यह स्पष्ट करना जरूरी है कि अभी तक किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को लेकर कोई आधिकारिक शिकायत या जांच सामने नहीं आई है, विभागीय सूत्रों का कहना है कि योजना पूरी तरह स्वैच्छिक है और सभी जोड़ों की पात्रता तय प्रक्रिया के अनुसार ही जांची जाती है।
क्या है मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना?- प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों के विवाह में सहयोग देने के उद्देश्य से शुरू की गई है, इसके अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया जाता है, योजना के तहत वधु को लगभग 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया जाता है, इसके अलावा गृहस्थी से जुड़ी सामग्री भी दी जाती है तथा प्रति जोड़ी भोजन, आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग से राशि खर्च की जाती है। कार्यक्रम में वर-वधु पक्ष के परिजनों को भी निर्धारित संख्या में शामिल होने की अनुमति रहती है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका क्या है?- जानकारों के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका मुख्यतः जागरूकता फैलाने और पात्र परिवारों को योजना की जानकारी देने तक सीमित होती है। वे गांव स्तर पर परिवारों को समझाती हैं कि सामूहिक विवाह कम खर्च में सम्मानजनक विकल्प हो सकता है, लेकिन विधायक के सवालों के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या उनकी भूमिका केवल प्रेरणा तक सीमित है या चयन प्रक्रिया में भी प्रभावी होती है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि अंतिम चयन प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत ही होता है और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केवल प्रारंभिक संपर्क का माध्यम होती हैं।
भ्रष्टाचार की चर्चा या सिर्फ राजनीतिक सवाल?- कार्यक्रम के बाद कुछ लोगों ने यह भी चर्चा शुरू कर दी कि क्या निचले स्तर पर किसी प्रकार की अनियमितता या दबाव की स्थिति बनती है।
हालांकि फिलहाल यह केवल अटकलों तक सीमित है और किसी भी तरह के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है, विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी सामाजिक योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए समय-समय पर समीक्षा और खुली जानकारी जरूरी होती है, ताकि किसी भी तरह की शंका स्वतः समाप्त हो सके।
विधायक के सवालों से विभाग पर बढ़ा दबाव
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि विधायक द्वारा सार्वजनिक मंच से पूछे गए सवाल सीधे तौर पर विभागीय कार्यप्रणाली पर नहीं, बल्कि प्रक्रिया की पारदर्शिता पर केंद्रित थे, इससे विभाग पर यह दबाव जरूर बढ़ा है कि वह योजना की पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट तरीके से सामने रखे, ताकि किसी तरह की गलतफहमी न रहे।
सवाल ज्यादा,जवाब कम
नगर पटना में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम शांतिपूर्वक सम्पन्न जरूर हुआ, लेकिन विधायक द्वारा उठाए गए प्रश्न अब भी चर्चा में हैं। क्या यह केवल एक राजनीतिक सवाल था या फिर व्यवस्था की गहराई में छिपे किसी मुद्दे की ओर इशारा— यह आने वाला समय ही तय करेगा, फिलहाल इतना तय है कि सामाजिक योजनाओं की सफलता केवल आयोजन से नहीं, बल्कि उनकी पारदर्शिता और लोगों के विश्वास से तय होती है, विधायक भले ही मंच पर मौन हो गए हों, लेकिन उनके सवाल अब भी हवा में तैर रहे हैं और जवाब की प्रतीक्षा कर रहे हैं।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply