सदन को हाईटेक बनाने में 86 लाख खर्च,एक ही परिसर में महिला-बच्चों के मनोरंजन की सुविधा,एमएलए मूणत बोले ये मातृशक्ति का सम्मान
रायपुर,08 फरवरी 2026। रायपुर में महिला और बच्चों के लिए अब एक ही छत के नीचे आधुनिक सुविधाओं वाला स्मार्ट केंद्र तैयार हो गया है। रायपुर पश्चिम के टाटीबंध इलाके में प्रदेश का पहला हाईटेक ‘महतारी सदन सह आंगनबाड़ी’ बनकर तैयार हुआ है। करीब 86 लाख रुपए की लागत से बने इस सदन में बच्चों के खेल,शिक्षा,पोषण और महिलाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय विधायक राजेश मूणत की पहल पर शहीद भगत सिंह वार्ड के टाटीबंध क्षेत्र में प्रदेश का पहला सर्वसुविधायुक्त ‘महतारी सदन सह आंगनबाड़ी’ का निर्माण पूर्ण हो चुका है। भारी-भरकम लागत से तैयार यह केंद्र छत्तीसगढ़ की आंगनबाड़ी व्यवस्था के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।
महतारी-नौनिहालों को मिलेगा घर जैसा माहौल
करीब 4500 वर्गफुट क्षेत्र में फैले इस महतारी सदन को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां आने वाली महिलाएं और बच्चे खुद को सुरक्षित, सहज और घर जैसा वातावरण महसूस कर सकें। भवन में बच्चों के लिए अलग प्ले एरिया,आधुनिक डाइनिंग हॉल,पूरी तरह हाइजीनिक किचन,स्टोर रूम,डिजिटल लर्निंग के अनुकूल क्लास रूम और प्रशासनिक कार्यों के लिए अलग ऑफिस रूम बनाया गया है। संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए यहां महिला-पुरुष के साथ-साथ दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष वॉशरूम की व्यवस्था की गई है। परिसर को आकर्षक बनाने के लिए सामने पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं और सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया है। बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर देते हुए महतारी सदन में फिसलपट्टी,झूले,कैरम,सांप-सीढ़ी,शतरंज, बास्केटबॉल,पिट बॉल और स्विंग जैसी खेल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। यह केंद्र अब सिर्फ पोषण आहार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों के शारीरिक,मानसिक और सामाजिक विकास का एक ग्रोथ सेंटर बनेगा। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों का बचपन सुविधाओं के अभाव में नहीं दबना चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur