Breaking News

नई दिल्ली@भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह अटल

Share

  • हमारे संबंध हर कसौटी पर खरे उतरे : पीएम मोदी
  • बिना रोक-टोक के तेल सप्लाई करेंगे,भारत-रूस में 96′ पेमेंट अपनी करेंसी में : पुतिन


नई दिल्ली,05 दिसम्बर 2025। पीएम मोदी ने भारत और रूस के बीच दोस्ती को ध्रुव तारे की तरह स्थिर बताया है। उन्होंने कहा,‘पिछले 8 दशकों में दुनिया ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। मानवता को कई तरह की चुनौतियों और संकटों से गुजरना पड़ा है। लेकिन इन सबके बीच भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह हमेशा अटल और स्थिर बनी रही है।‘ मोदी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध हर कसौटी पर खरे उतरे हैं। पीएम ने कहा कि दोनों देशों ने 2030 तक आर्थिक सहयोग की रणनीति बनाई है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस,भारत को बिना रोक-टोक के तेल की सप्लाई जारी रखेगा। भारत दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का आज सुबह राष्ट्रपति भवन में 21 तोपों की सलामी से स्वागत हुआ। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। फिर पुतिन ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। भारत दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 24 घंटे में 3 बार मुलाकात की है। दोनों नेताओं ने साथ में प्राइवेट डिनर, द्विपक्षीय बातचीत, जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस और इंडिया-रूस बिजनेस फोरम की बैठक को संबोधित किया।
रूसी नागरिकों के लिए 30 दिन का मुफ्त वीजा : मोदी
पीएम मोदी ने कहा,‘दोनों देशों के बीच स्नेह और आत्म-सम्मान का भाव रहा है। हाल ही में रूस में भारत के दो नए वाणिज्य दूतावास खोले गए हैं। इससे दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क और सुगम और आपस में नजदीकियां बढ़ेंगी। शीघ्र ही हम रूसी नागरिकों के लिए निःशुल्क 30 दिन का टूरिस्ट वीजा और 30 दिन के ग्रुप टूरिस्ट वीजा की शुरुआत करने जा रहे हैं। हम मिलकर वोकेशनल एजुकेशन, स्किलिंग और ट्रेनिंग पर भी काम करेंगे। दोनों देशों के स्कॉलर्स और खिलाडि़यों का आदान-प्रदान बढ़ेगा।’ पीएम मोदी ने कहा, ‘यू्क्रेन के संबंध में भारत ने हमेशा से शांति का पक्ष रखा है। हम इस मुद्दे के स्थायी समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों का स्वागत करते हैं। भारत अपना योगदान देने के लिए हमेशा तैयार रहा है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और रूस ने हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया है। भारत का अटल विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा प्रहार है और इसके विरूद्ध वैश्विक एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।’
रूस की मदद से बन रहा न्यूक्लियर पावर प्लांट
पुतिन ने कहा कि रूस और भारत मिलकर भारत में सबसे बड़ा न्यूक्लियर पावर प्लांट बना रहे हैं। यह कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट (तमिलनाडु) है। यह भारत का नहीं,बल्कि एशिया के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्रोजेक्ट्स में से एक है। इस प्लांट में कुल 6 रिएक्टर बनाए जा रहे हैं। हर रिएक्टर 1000 मेगावॉट बिजली पैदा करेगा। यानी पूरा प्रोजेक्ट तैयार होने पर यहां से 6000 मेगावॉट (6 गीगावॉट) बिजली मिलेगी। पुतिन ने कहा कि छह में से तीन रिएक्टर पहले ही भारत के एनर्जी नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। बाकी 3 रिएक्टर (यूनिट 4, 5 और 6) निर्माण के अलग-अलग चरणों में हैं। पुतिन ने कहा, हम भारत के साथ मिलकर नए अंतरराष्ट्रीय ट्रांसपोर्ट रूट बना रहे हैं। इसमें एक बड़ा प्रोजेक्ट नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर भी शामिल है। इसका मतलब है कि रूस या बेलारूस से सामान सीधे हिंद महासागर के रास्ते तक पहुंच सकेगा।
पुतिन बोले…भारत-रूस में 96′ पेमेंट अपनी करेंसी में
पुतिन ने कहा…प्रधानमंत्री ने हमें उन चुनौतियों की एक लिस्ट दी है जिन पर दोनों सरकारों को ध्यान देना चाहिए और हम उन पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के बीच अगर फ्री ट्रेड एग्रीमेंट बन जाता है,तो दोनों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि दोनों देश धीरे-धीरे अपनी राष्ट्रीय मुद्राओं में व्यापार की ओर बढ़ रहे हैं, और अभी 96′ लेनदेन इसी तरह हो रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में हमारी साझेदारी बहुत सफल है। तेल,गैस,कोयला और भारत की ऊर्जा जरूरतों से जुड़ी हर चीज की सप्लाई स्थिर है।
मोदी बोले…आतंकवाद के खिलाफ भारत-रूस साथ
मोदी ने कहा…भारत और रूस लंबे समय से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। चाहे पहलगाम में हुआ आतंकवादी हमला हो या क्रोकस सिटी हॉल पर हुआ कायरतापूर्ण हमला, इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है। उन्होंने कहा- भारत का यह पक्का विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा हमला है और इसके खिलाफ दुनिया की एकता हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
भारत अब दुनिया की स्किल्ड कैपिटल बन रहा : मोदी
मोदी ने कहा कि भारत अब दुनिया की स्किल्ड कैपिटल के रूप में उभर रहा है। हमारे युवा वैश्विक मांग को पूरा करने की क्षमता रखते हैं। रूस के डेमोग्राफिक और आर्थिक प्राथमिकताओं को देखते हुए, यह साझेदारी दोनों देशों के लिए बेहद फायदेमंद है। मोदी ने कहा कि जब भारतीय प्रतिभा को रूसी भाषा और सॉफ्ट स्किल्स में प्रशिक्षित किया जाएगा, तो हम मिलकर रसिया-रेडी-वर्कफोर्स तैयार कर सकते हैं, जो दोनों देशों की साझा समृद्धि को तेज करेगा।
भारत-रूस की दोस्ती सिर्फ नाम की नहीं : पुतिन
पुतिन ने यूक्रेन शांति पहल पर ध्यान देने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया। रूसी राष्ट्रपति ने मोदी से कहा, ‘दोनों देशों के रिश्ते बहुत पुराने और गहरे हैं। ये सिर्फ बातें नहीं हैं, इनके पीछे बहुत मजबूत और सच्चा आधार है। भारत-रूस की दोस्ती सिर्फ नाम की नहीं, बल्कि एक-दूसरे के लिए भरोसेमंद हैं।’


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply