नई दिल्ली,02 दिसम्बर 2025। केंद्रीय संचार और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को ‘संचार साथी ऐप’ को लेकर विपक्ष के सवालों पर कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष जनता को भ्रमित कर रहा है। सिंधिया ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों को बताया कि उन्होंने सदन में इस ऐप की उपयोगिता और इससे उपभोक्ताओं को मिली सुरक्षा का विस्तृत ब्योरा पेश किया है। संचार साथी ऐप कोई जासूसी या कॉल मॉनिटरिंग टूल नहीं है,बल्कि यह जनभागीदारी के सिद्धांत पर आधारित एक सुरक्षा उपाय है। मंत्री ने कहा, हमारी जि़म्मेदारी है उपभोक्ताओं की मदद करने की। उपभोक्ताओं की सुरक्षा देखने की। संचार साथी एक ऐप है और एक पोर्टल है, जिसके आधार पर हर एक उपभोक्ता अपनी सुरक्षा अपने हाथों से कर पाता है। यह जनभागीदारी का एक कदम है। उन्होंने कहा कि इस पहल का लोगों को स्वागत करना चाहिए, न कि विरोध। इस ऐप का इस्तेमाल वैकल्पिक है। अगर आप चाहते हो, तो इसको सक्रिय करो। अगर आप नहीं चाहते,तो इसे सक्रिय न करो। सिंधिया ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को धोखाधड़ी से बचाया गया है। जनभागीदारी के आधार पर अब तक लगभग 1.75 करोड़ फ्रॉड्यूलेन्ट मोबाइल कनेक्शन निष्कि्रय किए गए हैं। करीब 20 लाख चोरी हुए फ़ोन को ट्रेस किया गया है। 7.5 लाख चोरी हुए फ़ोन सफलतापूर्वक उपभोक्ताओं को वापस सौंपे गए हैं। उपभोक्ताओं की रिपोर्टिंग और पहचान के आधार पर 21 लाख फ़ोन निष्कि्रय किए गए हैं। वर्ष 2024 में देश के अंदर 22,800 करोड़ रुपये तक की धोखाधड़ी हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur