
पटना,20 नवम्बर 2025। बिहार में 10वीं बार एक फिर से नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। गांधी मैदान में हुए भव्य समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह,बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़े भाजपा नेता मौजूद रहे। डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शपथ ली। वहीं 26 मंत्रियों ने भी शपथ ली। जिनमें 14 बीजेपी कोटे से,8 जदयू से, लोजपा(आर) से 2 हम और कुशवाहा की पार्टी से 1-1 को मंत्री बनाया गया है। इस मंत्रिमंडल में एक मुस्लिम चेहरा शामिल है। जदयू ने जमा खान को फिर मंत्री बनाया है। शपथ के बाद पीएम मोदी ने मंच से गमछा हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। हरियाणा,असम,गुजरात,मेघालय,यूपी,नगालैंड,ओडिशा, दिल्ली,एमपी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए हैं। मंच पर चिराग पासवान ने मांझी और जेपी नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
पीएम मोदी का अनोखा अंदाजदिखा,गमछा लहराया
शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अनोखा अंदाज देखने को मिला। सबसे पहले वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाथ थामकर मंच के आगे की ओर बढ़े। इसके बाद पीएम मोदी ने पांच बार झुककर जनता का अभिवादन किया। मंच पर मौजूद शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों के पास जाकर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया और फिर जनता की ओर मुड़कर अपना गमछा लहराया। बदले में गांधी मैदान में मौजूद लोगों ने भी अपना अपना गमछा लहराकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए ये नेता
शपथ ग्रहण समारोह में देशभर से कई बड़े नेता पटना पहुंचे और अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा,राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस,महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी मौजूद थे। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और कई केंद्रीय नेताओं जैसे गिरिराज सिंह, शिवराज सिंह चौहान,चिराग पासवान,जेपी नड्डा, अर्जुन राम मेघवाल,रविशंकर प्रसाद,उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो,सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा भी इस समारोह में शामिल हुए। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू,उनके बेटे और आईटी मंत्री नारा लोकेश,चिराग पासवान की मां रीना पासवान भी पटना पहुंचीं और समारोह की गरिमा बढ़ाई।
लोजपा-रा से दो संजय बने मंत्री , रालोमो से कुशवाहा के बेटे को मौका
नए मंत्रिमंडल में चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-रामविलास के दो मंत्री बनाए गए हैं और दोनों का ही नाम संजय हैं। महुआ से तेज प्रताप यादव को हराने वाले संजय कुमार सिंह और बखरी से विधायक संजय कुमार को पहली बार मंत्री बनने का सौभाग्य मिला है। उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया है। दीपक उपेन्द्र कुशवाहा के बेटे हैं और वर्तमान में किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।
गांधी मैदान में पवन सिंह ने जमाया रंग
पटना के गांधी मैदान में पवन सिंह और मनोज तिवारी ने शानदार माहौल बना दिया। दोनों बीजेपी नेता मंच पर परफॉर्म कर रहे थे। पवन सिंह ने अपने गानों के जरिए बिहार विधानसभा चुनाव में मोदी-नीतीश की जोड़ी की बड़ी जीत का जश्न मनाया और खूब धमाल मचाया।
भाजपा के 13,जदयू के छह मंत्रियों को नहीं मिला मौका
नए मंत्रिमंडल में भाजपा के 13 और जदयू के छह मंत्रियों को फिर से मौका नहीं दिया गया। भाजपा की ओर से पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के साथ नीरज कुमार सिंह, नीतीश मिश्रा, महेश्वर हजारी, जनक राम,हरि सहनी, केदार गुप्ता,संजय सरावगी,जिवेश मिश्रा,राजू सिंह,मोतीलाल प्रसाद,कृष्ण कुमार मंटू के नाम शामिल हैं। गया से नौवीं बार जीते जीते प्रेम कुमार भी मंत्री नहीं बनाए गए हैं। हालांकि,उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है। वहीं जदयू की ओर से शीला कुमारी,कृष्णनंदन पासवान,जयंत राज, रत्नेश सदा, संतोष सिंह और विजय मंडल का पत्ता कटा है। सुमित कुमार सिंह चकाई से चुनाव हारने के कारण मंत्री की रेस से पहले ही बाहर हो गए थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur