Breaking News

कोलकाता@एयरपोर्ट देश में सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाला बना

Share


कोलकाता,19 नवम्बर 2025। यूरोप और अमेरिका के लिए कोई सीधी हवाई सेवा उपलब्ध न होने के बावजूद कोलकाता का नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (एनएससीबीआई) वित्त वर्ष 2024-25 में देश के सभी 137 भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) संचालित हवाईअड्डों में सबसे अधिक लाभ कमाने वाला बना है। आधिकारी के अनुसार हवाईअड्डे ने इस वर्ष लगभग 670 करोड़ का रिकॉर्ड लाभ दर्ज किया है, जो चेन्नई हवाई अड्डे की तुलना में ढाई गुना अधिक है। राजस्व में मामूली गिरावट के बावजूद यह उपलब्धि प्राप्त हुई। वर्ष 2023-24 में 1578.6 करोड़ की तुलना में 2024-25 में हवाईअड्डे की आय तीन प्रतिशत घटकर 1527.51 करोड़ रही। इसके बावजूद संचालन-व्यवस्था सुदृढ़ रहने और यात्रियों की संख्या बढ़ने से लाभ में खासा उछाल आया। कुल आय का 77 प्रतिशत हिस्सा हवाई सेवाओं से जुड़े शुल्कों से प्राप्त हुआ क्योंकि हवाईअड्डे ने वर्ष के दौरान लगभग 1.5 लाख उड़ानों और 2.2 करोड़ यात्रियों को संभाला। उड़ान-प्रति औसत यात्री संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2024-25 में प्रति उड़ान औसत 152 यात्री यात्रा कर रहे थे, जो 2023-24 के 146 और कोविड-पूर्व 2019 के 143 यात्रियों से अधिक है।

कोविड के बाद 2022 और 2023 में यह संख्या क्रमशः 123 और 129 रही थी। हवाईअड्डा निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार यह सफलता सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि चीन और कंबोडिया जैसे नए अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ानें बढ़ने के साथ राजस्व और लाभ में आगे भी वृद्धि होगी। इसी क्रम में, भारत की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने 13 नवंबर को कोलकाता-सीएम रीप (कंबोडिया) के बीच सीधी उड़ानें शुरू की हैं। यह पहली बार है जब किसी भारतीय विमान सेवा ने भारत और कंबोडिया के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित किया है। यह सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित हो रही है और इससे इंडिगो के अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है। सीएम रीप, अंगकोर वाट मंदिर परिसर का प्रवेश द्वार, भारतीय धार्मिक और पर्यटन यात्रियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। कंबोडिया में आगमन पर वीजा और ई-वीजा की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त इंडिगो ने 26 सितंबर को पांच वर्ष बाद चीन के लिए सीधी उड़ानें भी पुनः आरंभ की हैं। कोलकाता से ग्वांगझू के लिए प्रतिदिन नॉन-स्टॉप हवाई सेवा शुरू की गई है।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply