रायपुर,31 अक्टूबर 2025। लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर प्रतिबंध लगाने की मांग वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आरएसएस ऐसा संगठन है जो देश की आज़ादी से पहले से समाजसेवा और राष्ट्रनिर्माण के कार्यों में जुटा है। इस पर प्रतिबंध लगाने की बात करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि देश की संस्कृति,राष्ट्रभक्ति और जनसेवा की भावना का अपमान है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया बताता है कि वह आज भी भारतीय संस्कृति और राष्ट्रवादी विचारधारा से डरती है। जब-जब कांग्रेस ने संघ को रोकने की कोशिश की, तब-तब जनता ने उसे जवाब दिया। आरएसएस वह शक्ति है जो राष्ट्र की आत्मा में बसती है। देश की आज़ादी से पहले से यह संगठन भारत माता की सेवा में समर्पित रहा है और आज भी सेवा, शिक्षा, संस्कार और स्वाभिमान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आज बिहार ही नहीं, पूरे देश में जनता एनडीए सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है। यह वही जनता है जो संघ के आदर्शों को समझती है और उसके देशहित में किए गए कार्यों का सम्मान करती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur