Breaking News

नई दिल्ली@मुख्य विपक्षी दल के नेता घुसपैठियों के दम पर चुनाव जीतना चाहते हैं : अमित शाह

Share


नई दिल्ली,17 सितम्बर 2025 (ए)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि घुसपैठिया बचाओ यात्रा निकालने वाले राहुल गांधी, घुसपैठियों के दम पर चुनाव जीतान चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार मतदाता सूची को शुद्ध करने और घुसपैठियों को हटाने की प्रक्रिया का पूरा समर्थन करती है। अमित शाह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75 वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़े’ की शुरुआत के तहत दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने दिल्ली सरकार की लगभग 1723 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केन्द्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अपने संबोधन में अमित शाह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को भारत की जनता पर भरोसा नहीं है और वे ‘घुसपैठियों’ के आधार पर ही चुनाव जीतना चाहते हैं। शाह ने विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए जनता से अपील की कि वे ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ के असली मकसद को पहचानें। उन्होंने कहा, राहुल गांधी अभी-अभी एक घुसपैठिया बचाओ यात्रा लेकर निकाल रहे हैं। मुझे दिल्ली वाले बताएं, आपकी मतदाता सूची से घुसपैठियों को हटाया जाना चाहिए या नहीं हटाना चाहिए? ये किसको बचाने निकले हैं? कांग्रेस पार्टी घुसपैठिया बचाओ यात्रा लेकर निकली है।

मैं आज इस मंच से देश की जनता को ये बताने आया हूं कि इनको पहचान लीजिए। वो चाहते हैं कि घुसपैठिये हमारी मतदाता सूची में बने रहें क्योंकि उन्हें भारत के लोगों पर भरोसा नहीं है। वे इन ‘घुसपैठियों’ के आधार पर चुनाव जीतना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से घुसपैठियों को हटाना आवश्यक है।
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और करतारपुर साहिब कॉरिडोर जैसी लंबित परियोजनाओं को साकार किया गया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना भी मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि रही है। शाह ने कहा कि मोदी जी ने 24 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में कभी छुट्टी नहीं ली और लगातार देश की सेवा में जुटे रहे। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को देशभर में सेवा पखवाड़े के रूप में मनाने की परंपरा पिछले 11 वर्षों से चली आ रही है। 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक यह पखवाड़ा चलता है, जिसके दौरान ग्राम पंचायतें, जिला पंचायतें, राज्य सरकारें और केन्द्र सरकार के विभिन्न विभाग गरीबों के कल्याण और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत करते हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में भी आज से सेवा पखवाड़े की शुरुआत की गई है और 17 जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ हुआ है। शाह ने कहा कि सेवा पखवाड़े का मकसद केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीबों के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी है। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 11 वर्षों में 60 करोड़ गरीबों को सुविधाएं दीं और 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा, “25 करोड़ लोगों को गरीबी से ऊपर लाना और 60 करोड़ लोगों को प्राथमिक सुविधाएं देना, यह केवल एक सरकार का काम नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का हर प्रयास गरीबों और वंचितों के कल्याण की दिशा में है। शाह ने युवाओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से प्रेरणा लें और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ें।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply