हजारीबाग,15 सितम्बर 2025 (ए)। हजारीबाग जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच सोमवार को बड़ी मुठभेड़ हुई। गोरहर थाना क्षेत्र के पाती पिरी जंगल में हुई इस मुठभेड़ में तीन कुख्यात नक्सली मारे गए। इनमें नक्सली संगठन की केंद्रीय समिति का सदस्य सहदेव सोरेन उर्फ परवेश भी शामिल है, जिस पर एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियां इसकी तलाश में थीं। मुठभेड़ में कोबरा 209 और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने भाग लिया।
2 जवान भी हुए हैं घायल
पुलिस और नक्सलियों के बीच चली इस मुठभेड़ में दो जवान भी घायल हुए हैं। ये अजय भौमिक 209 कोबरा बटालियन के सिपाही और सुब्रतो विश्वास कोबरा के जवान हैं। बरही अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया। दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। सुब्रतो विश्वास पश्चिम बंगाल तो अजय भौमिक असम का रहने वाला है।
हथियार बरामद,इलाके में सर्च ऑपरेशन
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एके-47 सहित कई घातक हथियार बरामद किए हैं। हजारीबाग के एसपी अंजनी अंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह से नजर रखी जा रही है। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से संगठन को करारा झटका लगा है। आने वाले दिनों में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की पकड़ और मजबूत होगी।
ढेर हुए दूसरे बड़े नक्सली नेता
मुठभेड़ में मारा गया दूसरा नक्सली रघुनाथ हेंब्रम था,जो बिहार-झारखंड विशेष क्षेत्र समिति का सदस्य था। उस पर 25 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वहीं तीसरा नक्सली बीरसेन गंझू उर्फ रामखेलावन था, जो क्षेत्रीय समिति का सदस्य था। उस पर 10 लाख रुपए का इनाम था। तीनों नक्सली लंबे समय से झारखंड और बिहार की सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय थे। तीनों कई बड़ी घटनाओं को अंजाम देने में शामिल रहे थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur