- कलेक्टोरेट परिसर से लगे कलाकेन्द्र मैदान में गुरूवार की रात की घटना
- शराब नहीं पिलाने से नाराज बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ कर दिया वार
- घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है…
अंबिकापुर,06 जून 2025 (घटती-घटना)। शहर के हृदयस्थल कलेक्टोरेट परिसर से लगे कलाकेन्द्र मैदान में गुरूवार की रात शराब नहीं पिलाने से नाराज बड़े भाई ने छोटे भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मैदान में फन वर्ल्ड डिजनीलैण्ड मेला का संचालन होने के कारण लोग आना-जाना कर रहे थे,लेकिन सभी हत्या की वारदात से अनजान थे। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया था,जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कजे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर लिया है।
मजदूरी करके जीवनयापन करने वाली तुलसी चैक की संतोषी लकड़ा ने पुलिस को बताया है कि मजदूरी करते समय तेलगवां जरही के शिवा घसिया से उसकी पहचान हुई,इसके बाद 5 साल से वह उसके साथ पत्नी बतौर रह रही थी। वर्तमान में वे घड़ी चैक से लगे अनन्या होटल के पास रहकर मजदूरी करके जीवकोपार्जन कर रहे थे। गुरूवार की शाम को करीब 5.30 बजे मजदूरी करके उसका पति वापस आया था। इस दौरान हमेशा की तरह उसका जेठ शिव आया और अपने भाई शिवा से दारू पीने के लिए पैसा देने के लिए कहा। पैसा नहीं देने पर वह भाई से विवाद करते हुए झगड़ा करने लगा। इसके बाद शिवा अपनी पत्नी और दो साल की बेटी के साथ भागकर कलाकेन्द्र मैदान में नीम के पेड़ के नीचे आ गया,जहां मेला लगा था। यहां आने के बाद संतोषी आलू लेने के लिए बाजार चली गई थी। आलू लेकर वापस आई,तो रात करीब 9 बजे पीछे से जेठ शिव भी लकड़ी का डण्डा लेकर आया और अपने भाई को दारू पिलाने के लिए कहा। हाथ में पकडे डण्डा से पहले उसके पति को मारने का प्रयास किया,जो नहीं लगा। इसके बाद जेब से चाकू निकाल कर अपनी बहू संतोषी पर हमला किया, जिससे वह बच गई। पुन: डण्डा,चाकू से वह अपने भाई के सिर में प्राणघातक वार किया, जिसमें उसके पति का सिर फट गया। उसे बचाव के लिए चिल्लाने का मौका भी नहीं मिल पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। जेठ की हरकत को देखकर संतोषी अपनी बच्ची को गोद में लेकर लोगों को घटना की जानकारी देने गई गई लेकिन वहां आसपास कोई नहीं मिला। वापस आई तो उसका पति शिवा लहूलुहान हालत में गिरा हुआ था,और काफी खून बह रहा था। आरोपी भाई हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना रात 9.32 बजे कोतवाली पुलिस को मिली,इसके बाद पुलिस टीम और एफएसएल के अधिकारी पहुंचे। शव को मौका पंचनामा करने के बाद पुलिस ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मर्च्युरी में रखवाया था और आरोपी के खोजबीन में लगी थी। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज करके आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur