अंबिकापुर,30 अप्रैल 2025 (घटती-घटना)। जिला कांग्रेस ने विगत डेढ़ वर्ष में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं में गिरावट आने की बात कही है। इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व में जांच टीम गठित किया है। बुधवार को जांच टीम ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. आर्या के नेतृत्व में अस्पताल में स्थित हमर लैब, सोनोग्राफी और रेडियोलॉजी विभाग, ऑक्सीजन प्लांट, ट्रामा सेंटर, लड बैंक, विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर, पूछताछ कर और रिकॉर्ड को देखकर व्यवस्था की जानकारी ली। आगामी दिवस में यह टीम सीएचसी नवापारा सहित विभिन्न हमर क्लीनिक में जांच कर अपनी विस्तारित रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी को देगी, जिसे सार्वजनिक किया जायेगा। डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व में गठित इस जांच दल को आमजन के हित में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने स्थायी रूप दिया है। जांच में जाने के पूर्व जांच दल ने अस्पताल प्रबंधन को सूचित किया था। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जांच दल को निर्देश दिया है कि जांच दल आगे से बिना सूचना के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का औचक निरीक्षण करे। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निरीक्षण के लिए जांच दल के सदस्य हेमंत सिन्हा, सीमा सोनी,निमन राशि एक्का, गुरुप्रीत सिद्धू के साथ सहयोग के लिए अनूप मेहता,अजय सिंह, विनोद एक्का,आशीष जायसवाल, अंकित जायसवाल ,ऋषभ जायसवाल मौजूद थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur