अंबिकापुर, 22 फरवरी 2025 (घटती-घटना)। हल्का पटवारी से मिलीभगत कर शासकीय भूमि 0390 हेक्टेयर अपने नाम कराने के मामले में गांधीनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार जयेश कंवर ने 20 दिसंबर 2024 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह पुलिस को बताया था कि ग्राम नेहरूनगर, पंचायत डिगमा तहसील अम्बिकापुर स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 135 रकबा 0.390 हेक्टेयर भूमि को आरोपी प्रभाष मण्डल के नाम पर बिना किसी सक्षम न्यायालय के आदेश के विधि विरूद्ध रूप से भूमि स्वामी हक में तात्कालीन हल्का पटवारी अगस्तुस लकड़ा द्वारा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 409, 420, 120(बी), 467, 468, 471 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कर रही थी। विवेचना के दौरान पाया गया कि आवेदक भाजपा नेता आलोक दुबे द्वारा प्रस्तुत शिकायत पर कलेक्टर ने जांच कराई थी। जांच में प्रभाष मंडल पिता कालाचन्द के नाम पर दर्ज पाया गया। ग्राम नेहरूनगर, पहन -3, रानिम मंडल अजिरमा में हल्का पटवारी अगस्तुस लकड़ा की पदस्थापना के दौरान उपरोक्त भूमि के राजस्व अभिलेखों में अनावेदक प्रभाष मंडल के नाम विधि विरुद्ध तरीके से भूमि स्वामी हक में दर्ज कर दिया गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रभाष मण्डल पिता स्व.कालाचंद मण्डल उम्र 42 वर्ष निवासी नेहरूनगर डिगमा थाना गांधीनगर को गिरफ्तार किया है। मामले में हल्का पटवारी की गिरफ्तारी शेष है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur