कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी के प्रचार में पहुंचे थे भूपेश
लखनऊ/रायपुर 16 जनवरी 2022 (ए)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान महामारी कानून का उल्लंघन करने के चलते रविवार को एफआईआर दर्ज हो गया है। नोएडा के गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ आचार संहिता और महामारी कानून के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया है। भूपेश बघेल नोएडा क्षेत्र के गांवों में कांग्रेस की प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक का चुनाव प्रचार करने गए थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार शाम दिल्ली पहुंचे थे। रविवार को उन्होंने गौतम बुद्ध नगर के बरोला, सिलारपुर, सोरखा, बेहलोलपुर और जलपुरा में घर-घर जाकर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। लोगों को कांग्रेस पार्टी के वादों की जानकारी दी। उनके साथ कांग्रेस की उम्मीदवार पंखुड़ी पाठक और स्थानीय कांग्रेस नेता भी थे।
निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में रैली-जुलूस और जनसभा आदि को प्रतिबंधित किया हुआ है। गाइडलाइन के मुताबिक एक दल में केवल पांच लोगों की टोली घर-घर जाकर चुनाव प्रचार कर सकती है। प्रशासन ने अपनी एफआईआर में बताया है कि भूपेश बघेल के साथ प्रचार में पांच लोगों से अधिक लोग शामिल थे।
आम जनता तक पहुंचेगी कांग्रेस : भूपेश
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार सुबह नोएडा सदर के लिए पार्टी प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक के साथ डोर-टू-डोर प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लोगों के घर-घर जाकर उनसे कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लोगों के घर-घर जाकर उनसे कांग्रेस उम्मीदवार को वोट देने की अपील की। साथ ही कांग्रेस पार्टी की ओर से यूपी को लेकर किए गए वादों और ऐलानों की जानकारी भी लोगों को दी।
यूपी में प्रियंका को साथ देने भूपेश को कमान
यूपी चुनाव में कांग्रेस ने इस बार टिकट बंटवारे में 40 फीसदी महिला भागीदारी को सुनिश्चित करने का फैसला लिया है। ऐसे में कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी खुद लगातार चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। इसके साथ-साथ अब कांग्रेस के अलग-अलग राज्यों के दिग्गज भी यूपी का रुख कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल का यूपी के चुनावी रण में प्रचार के लिए उतरना उसी रणनीति का हिस्सा है। चुनाव की घोषणा होने से पहले भी सीएम भूपेश बघेल उत्तरप्रदेश के काफी सक्रीय रहे। अब चुनावी मैदान में अपने विपक्षी दलों को माकूल जवाब देने में भूपेश कहीं पीछे नहीं है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी सीएम भूपेश पर भरोसा जताते हुए उन्हें वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया,ताकि छत्तीसगढ़ में हुए विकास को उत्तरप्रदेश की जनता के सामने सीएम भूपेश बखूबी रख सके।
7 चरणों में होगा मतदान
उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव 7 चरणों में कराए जा रहे हैं। शुरुआत पश्चिम उत्तर प्रदेश से हो रही है। यहां की 58 सीटों पर 10 फरवरी को मतदान होना है। नोएडा विधानसभा भी इसी चरण में आता है। उत्तर प्रदेश में 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur