आगर मालवा,19 सितम्बर 2026। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले में कार बहने से 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे शामिल हैं। 7 मृतक ओडिशा के हैं, जबकि कार ड्राइवर अरुण गोयल आगर-मालवा के बड़ौद का रहने वाला था। सभी श्रद्धालु मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने उज्जैन से कार किराए पर ली थी। एसपी दिलीप कुमार सोनी के मुताबिक, हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। शुरुआती जांच में मौत का कारण डूबना सामने आया है। पुलिस मंदिर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ड्राइवर समेत 6 मृतकों की पहचान हो गई है। ड्राइवर अरुण गोयल के अलावा मृतकों में राधा रानी बहेरा,ज्ञानेंद्र कुमार बहेरा,रितारानी पत्नी ज्ञानेंद्र बहेरा,कृष्णा राजवीर पुत्र शिवप्रसाद बहेरा और शिवप्रसाद बहेरा शामिल हैं।
मोदी ने आगर मालवा हादसे पर दुःख जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में बारिश से उफनाए नाले में कार बह जाने से हुई आठ लोगों की मौत पर शनिवार को दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पोस्ट में कहा,आगर मालवा,मध्य प्रदेश में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मैं अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मोदी ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण नाला उफान पर आ गया था। इसी दौरान उज्जैन से आए ओडिशा के श्रद्धालुओं को ले जा रही कार पानी के तेज बहाव में बह गई। हादसे में तीन बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि क्षेत्र में रातभर हुई भारी बारिश के बाद नाले का जलस्तर बढ़ गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम, दुकानें बंद
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। विरोध में दुकानें भी बंद कर दी गई हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। कलेक्टर, एसपी दिलीप कुमार सोनी और एएसपी रवींद्र कुमार बोयट समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। 3.7 इंच बारिश के बाद बढ़ा नाले का पानी नलखेड़ा में पिछले 24 घंटे में 3.7 इंच बारिश हुई। रात में तेज बारिश के बाद नाले का पानी बढ़ गया। बहाव में कार पुलिया से करीब 100 मीटर दूर चली गई। सुबह पानी उतरने पर कार की छत दिखाई दी। स्थानीय व्यक्ति की सूचना पर पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की मदद से कार को बाहर निकाला गया। सभी शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur