रक्तदान से सेवा संकल्प का श्रीगणेश,जिला अस्पताल में जुटे युवा और जनप्रतिनिधि
-संवाददाता-
सूरजपुर,17 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सेवा,सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’का सूरजपुर जिले में जनसेवा गतिविधियों के साथ आगाज हुआ,अभियान के तहत जिला चिकित्सालय सूरजपुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया,जिसमें युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई, शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया,उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह की अवधि में जनसेवा,जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं, सूरजपुर जिले में भी अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
रक्तदान को बताया मानवता की सेवा का माध्यम
जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा… कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है, किसी व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरत के समय दूसरे व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है, आपातकालीन परिस्थितियों में कई बार समय पर रक्त की उपलब्धता चुनौती बन जाती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी आवश्यक है,उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया, मंत्री ने शिविर के दौरान स्वयं भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया, उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं है,बल्कि समाज में सेवा,सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने का अवसर है, समाज के प्रत्येक वर्ग को एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
भूलन सिंह मरावी ने भी रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह-प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया,उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन है,उन्होंने नागरिकों से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सेवा भाव के साथ आगे आने की अपील की,विधायक ने कहा कि सामाजिक संकट और आपात परिस्थितियों में एक-दूसरे की मदद करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान टीकाकरण सहित संक्रमण से बचाव के लिए किए गए विभिन्न प्रयासों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से जनसेवा के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।
जनपद अध्यक्ष ने कहा… रक्तदान महादान
जनपद पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष स्वाती सिंह ने रक्तदान को महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा बताते हुए कहा कि जरूरत के समय उपलब्ध कराया गया रक्त किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है,उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
भाजयुमो के नेतृत्व में युवाओं ने लिया हिस्सा
रक्तदान शिविर में भारतीय जनता युवा मोर्चा सूरजपुर के जिलाध्यक्ष देव गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया,युवाओं के अलावा समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने भी रक्तदान किया,आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही युवाओं और आम नागरिकों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा,शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त समूह की जांच सहित आवश्यक प्रक्रियाएं स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में की गईं,रक्तदान के दौरान चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे और रक्तदाताओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
मंत्री ने कहा…सेवा को जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा… कि समाज में सेवा की भावना तभी व्यापक रूप ले सकती है, जब आम नागरिक भी उसमें अपनी भागीदारी निभाएं, उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में नागरिकों से सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की, उन्होंने सामाजिक भेदभाव और छुआछूत जैसी बुराइयों को दूर करने तथा आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया,उनके अनुसार समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सामूहिक भागीदारी जरूरी है, मंत्री ने नागरिकों से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागी बनने का भी आह्वान किया,सूरजपुर जिले में इस कार्यक्रम को लेकर पहले से जनभागीदारी की अपील की गई थी।
एक माह तक होंगे विविध कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनसेवा और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर से जोड़ा गया है,स्थानीय स्तर पर अभियान के तहत रक्तदान,जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ने की योजना बताई गई है,अभियान के पहले दिन ही रक्तदान शिविर के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को भी जोड़ा गया है। सूरजपुर में 17 सितंबर की शाम दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी का संदेश देने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने संभाली व्यवस्थाएं
रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण,रक्त समूह जांच और रक्त संग्रह से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के बाद रक्तदान की प्रक्रिया पूरी कराई, शिविर में युवाओं के साथ महाविद्यालयीन विद्यार्थी और विभिन्न वर्गों के नागरिक भी मौजूद रहे,आयोजन स्थल पर जनप्रतिनिधियों,भाजपा पदाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
शिविर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, भाजपा महामंत्री शशिकांत गर्ग, अशोक सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष संत सिंह, प्रदेश सह संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ रितेश गुप्ता, संदीप अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाती सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश गोयल, जनपद सभापति यशवंत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
देव गुप्ता ने जताया आभार
शिविर के समापन पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष देव गुप्ता ने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं और नागरिकों के साथ-साथ सहयोगी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मचारियों तथा उपस्थित वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे कार्यों में युवाओं की भागीदारी समाज में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती है, इस अवसर पर आयोजित शिविर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान के माध्यम से जनभागीदारी और मानव सेवा का संदेश दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur